बिहार की सियासत में आज सबसे बड़ा दिन है। 10 बार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे। उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी ये इच्छा जाहिर कर दी है कि वो राज्यसभा जाना चाहते हैं। इस पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का बयान सामने आया है। आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा कि नीतीश कुमार की पोस्ट दिल्ली दरबार से हुई है। शिंदे मॉडल को लागू करने की कोशिश है।
"दिल्ली से ये ट्वीट तैयार हुआ है"
मनोज झा ने कहा, "इस ट्वीट को पढ़ने के बाद इतना गारंटी के साथ कह सकता हूं कि उन्होंने नहीं लिखा। दिल्ली से ट्वीट तैयार हुआ है। बिहार के किसी 10 साल के बच्चे से भी पूछ लीजिए तो बताएगा कि ये ट्वीट दिल्ली दरबार का है। मैंने पहले भी कहा था कि ये घटनाक्रम आज खत्म नहीं होगा। ये जो ऑपरेशन किया गया है, बिहार का जदयू कोर समूह चोटिल महसूस कर रहा है। और ये शिंदे मॉडल इम्प्रोवाइज्ड कर करने की कोशिश की गई है।"
"नीतीश कुमार को इतनी जल्दी हटाना..."
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, "बिहार की सियासत में बड़ा उलटफेर अचानक से कल से देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इतनी जल्दी चुनाव के बाद बीजेपी हटा देगी, इसका अनुमान किसी को नहीं था, लेकिन हमारे नेता तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि बीजेपी, JDU को बर्बाद कर देगी और नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल करेगी।"
पोस्ट में नीतीश कुमार ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है और उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।"
उन्होंने लिखा, "संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा और आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी, उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।"
ये भी पढ़ें-
राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 6 उम्मीदवारों की लिस्ट, इन दिग्गजों पर लगाया दांव
सबसे कम उम्र की CA बनी राजस्थान की ये बेटी, मजह इतनी उम्र में हासिल किया मुकाम