1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हमने पहले ही कहा था कि नीतीश CM नहीं रहेंगे, हमारी सहानुभूति है: तेजस्वी यादव

हमने पहले ही कहा था कि नीतीश CM नहीं रहेंगे, हमारी सहानुभूति है: तेजस्वी यादव

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 05, 2026 12:37 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 01:28 pm IST

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान पर तेजस्वी यादव का बयान आया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ हमारी सहानुभूति है। जो हो रहा है, हमें पहले से पता था।

तेजस्वी यादव- India TV Hindi
तेजस्वी यादव Image Source : PTI

बिहार: मुख्यमंत्री का पद छोड़ राज्यसभा जाने के नीतीश कुमार के ऐलान पर नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव का बयान सामने आया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने पहले ही सीएम बदलने की बात कही थी। नीतीश कुमार के साथ हमारी सहानुभूति है। जो हो रहा है, हमें पहले से पता था। हम वहां रहते तो ये दिन नहीं देखना पड़ता।

तेजस्वी यादव ने कहा, "हर कोई जानता है कि बिहार चुनाव में एनडीए (NDA) ने यह नारा दिया था- '2025 से 30, फिर से नीतीश। बीजेपी और एनडीए के घटक दल जानते हैं कि चुनाव कैसे छल-कपट, तंत्र-मंत्र और पूरे सिस्टम का दुरुपयोग करके लड़ा गया था। उस समय भी हमने कहा था कि बीजेपी के लोगों ने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है और वे उन्हें दोबारा उस कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे। हमने कहा था कि वह 6 महीने से ज्यादा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं रहेंगे।"

"उन्हें रबड़ स्टैंप मुख्यमंत्री चाहिए"

उन्होंने कहा, "बीजेपी का इतिहास रहा है कि उसने जिसके साथ भी गठबंधन किया, उसे बर्बाद कर दिया। बीजेपी पिछड़ा वर्ग (OBC), दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे बिहार में ऐसा नेता नहीं चाहते जो पिछड़ों या दलितों की बात करे, उन्हें बस एक 'रबड़ स्टैंप मुख्यमंत्री' चाहिए। यह सत्ता परिवर्तन जनता की भावनाओं के खिलाफ है। लोग बीजेपी की चालों और उनके चरित्र को अच्छी तरह जानते हैं।"

तेजस्वी ने आगे कहा, "हमने नीतीश कुमार के साथ काम किया है, लेकिन ज्यादातर समय हम विपक्ष में ही रहे। जब 28 जनवरी 2024 को वे (JDU) हमें छोड़कर गए थे, तब भी हमने कहा था कि बीजेपी उन्हें खत्म कर देगी। हमें उनके प्रति पूरी सहानुभूति है; बिहार के लिए उनकी सेवा के लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देना चाहते हैं।"

उन्होंने कहा, "हमें यह पहले से पता था। जब हमने 28 जनवरी 2024 को कहा था कि जेडीयू खत्म हो जाएगी, तब बीजेपी को वह परिणाम नहीं मिला जिसका उन्होंने दावा किया था (400 सीटें)। इसलिए इसमें एक साल की देरी हुई, वरना वे उन्हें (जेडीयू को) बहुत पहले ही खत्म कर चुके होते।"

महाराष्ट्र मॉडल का किया जिक्र

तेजस्वी ने तुलना करते हुए कहा, "महाराष्ट्र में क्या हुआ? बीजेपी ने एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया। उन्होंने वही नीति यहां और भी बेहतर तरीके से लागू की है। जेडीयू के कुछ लोग पहले ही बीजेपी के सामने नतमस्तक हो चुके हैं।"

उन्होंने कहा, "निशांत को बहुत पहले आ जाना चाहिए था, लेकिन कुछ लोगों ने ऐसा होने नहीं दिया। अब आप देखिए कि ये लोग बिहार को कैसे और बर्बाद करते हैं, जो वे पहले से ही कर रहे हैं। हम बीजेपी के खिलाफ लड़ेंगे और उन्हें हराएंगे।"

ये भी पढ़ें-

"नीतीश कुमार ने ये पोस्ट नहीं किया", बिहार CM के राज्यसभा जाने के ऐलान पर RJD का बयान

सबसे कम उम्र की CA बनी राजस्थान की ये बेटी, मजह इतनी उम्र में हासिल किया मुकाम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।