Deoria Temple Violence: यूपी के देवरिया जिले से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जहां मंदिर परिसर मारपीट का अखाड़ा बन गया। जब इस वायरल वीडियो की पड़ताल की गई तो यह घटना देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ शिव मंदिर परिसर की निकली। दरअसल, बीते शनिवार को दानपेटी और चढ़ावे के बंटवारे को लेकर मंदिर में 2 पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया था।
मंदिर परिसर में वर्चस्व और चढ़ावे को लेकर मारपीट
आप वीडियो में देख सकते हैं कि मंदिर परिसर में वर्चस्व और चढ़ावे के हिस्से को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के बुजुर्ग पुजारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन लोगों ने मिलकर बुजुर्ग पुजारी को लाठी से पीटा
वीडियो में नजर आ रहा है कि पहले एक शख्स भगवा कपड़े पहने बुजुर्ग पुजारी लाठी से मारना शुरू करता है। इसके बाद एक के बाद एक दो लोग आ जाते हैं। फिर ये तीनों बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ लाठियां भांजने लगते हैं। बुजुर्ग अपने हाथ उठाकर उनसे छोड़ देने की अपील करता है लेकिन तीनों उनकी पीठ और पेट पर लाठी मारते रहते हैं।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने किया बीच बचाव
मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। इस मामले के संबंध में थाना मदनपुर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार
इस मामले पर क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, सत्येंद्र राय ने कहा कि थाना मदनपुर के महेन स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर पर पुजारी गणों के बीच में श्रद्धालुओं से पूजा-पाठ कराने और मंदिर में चढ़ावे को लेकर आपस में विवाद व मारपीट की गई। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर थाना मदनपुर में सुसंगत धाराओं अभियोग पंजीकृत किया गया है। 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था कायम है।
(इनपुट- विनोद कुमार द्विवेदी)
ये भी पढ़ें- VIDEO: 'बहन-बेटी की तरफ बुरी नजर से देखा तो चौराहे से पीटता हुआ ले जाऊँगा', UP पुलिस की शोहदों को खुली चेतावनी