उत्तर प्रदेश के देवरिया में 20 अक्टूबर की रात दो युवकों की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। शाम को मेला देखने के लिए घर से निकले दोनों युवक वापस नहीं लौटे। देर रात रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के पास उनके खून से लथपथ शव मिले। हमलावरों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला किया था। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं।
मृतकों की पहचान करजहां गांव निवासी वकील यादव और इटहुरा हजाम टोला निवासी विनय यादव के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों मंगलवार शाम करीब सात बजे एक ही मोटरसाइकिल से मेला देखने के लिए निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने के बीच रामजानकी मार्ग पर उनके साथ यह वारदात हो गई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने दोनों युवकों पर अचानक धारदार हथियार से हमला किया और फिर मौके से फरार हो गए।
सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े मिले दोनों
घटना की शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले में एक युवक का गला रेता गया था, जबकि दूसरे के पेट पर चाकू से वार किए गए थे। दोनों सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े थे। राहगीरों ने उन्हें देखकर पुलिस को सूचना दी। यूपी-112 के जरिए खबर मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। दो युवकों की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतकों की पहचान सामने आने के बाद उनके परिवारों में मातम छा गया। बताया गया कि वकील मंगलवार को सुबह से शाम तक ड्यूटी पर था। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह घर पहुंचा और फिर दोनों युवक मेला देखने निकल गए। परिवारों को अंदाजा भी नहीं था कि घर से निकले दोनों युवकों की इस तरह हत्या कर दी जाएगी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
कानपुर में दहला देने वाली वारदात, भंडारे में जा रही 14 साल की किशोरी से दरिंदगी का प्रयास