उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र स्थित गांव नारायणपुर बांसका की मढैया से पारिवारिक कलह और संपत्ति विवाद को लेकर एक बुजुर्ग महिला पर सरेआम जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक असहाय बुजुर्ग महिला को बीच सड़क पर घसीटते, पटकते और बेदर्दी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं।
पीड़ित महिला ने थाने में दी है लिखित शिकायत
पीड़ित बुजुर्ग महिला तस्सो पत्नी स्व. अलीयार ने थाना कपूरपुर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। इसमें बताया कि यह घटना 23 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 8 बजे की है। आरोप है कि उनके ही परिवार के सदस्यों बहू सन्नो, फरहा, साबाद और शोएब बेटे की बहू और पोतों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा। इस बर्बर हमले में बुजुर्ग महिला के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में इलाज के दौरान पट्टी करानी पड़ी।
जेवर एयरपोर्ट अधिग्रहण के तहत मिला है करीब 5,40,000 रुपये का मुआवजा
पीड़िता के परिजनों के अनुसार इस पूरे विवाद की मुख्य वजह जेवर एयरपोर्ट अधिग्रहण के तहत मिला करीब 5,40,000 रुपये का मुआवजा है। आरोप है कि कुल मुआवजे की रकम में से मारपीट करने वाले आरोपी तीन लाख रुपये पहले ही ले चुके है, इसके बाद वह 2.5 लाख रुपये की और मांग कर रहे थे। जब बुजुर्ग सास ने और पैसे देने से साफ इंकार कर दिया तो आरोपियों ने उन्हें रास्ते में घेरकर जबरन पैसे वसूलने की नीयत से सरेआम बेदर्दी से पीटना शुरू कर दिया।

बुजुर्ग महिला के साथ हुई बर्बरता को लेकर स्थानीय लोगों में रोष
घटना के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर बुजुर्ग महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। इस तरह सरेआम बुजुर्ग महिला के साथ हुई बर्बरता को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी उम्र और गंभीर हालत को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था शख्स, मार दी गई गोली, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
दरिंदगी के बाद मासूम की हत्या करने वाले को फांसी की सजा, पॉक्सो कोर्ट ने एक महीने में सुनाया फैसला