Farrukhabad Police Bribe: यूपी में फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली इलाके में भ्रष्टाचार को लेकर SP ने एक महिला सब-इंस्पेक्टर और ड्राइवर को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक नाबालिग लड़की के अपहरण मामले की जांच के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में हुई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद एक्शन लिया गया है। आइए इस पूरे मामले के बारे में जानते हैं।
14 साल की नाबालिग का हुआ था अपहरण
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने पुलिस के आला अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उनकी 14 साल की भतीजी का गांव के कुछ दबंगों ने अपहरण कर लिया। जिसके संबंध में कायमगंज कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।
पीड़ित परिवार से ली गई 7 हजार रुपये की रिश्वत
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले की जांच कर रहीं सब-इंस्पेक्टर सुधा पाल ने निष्पक्ष विवेचना के नाम पर 25 हजार रुपये की मांग की। मजबूरी में पीड़ित ने उन्हें 7 हजार रुपये दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
रिश्वत देने के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
आरोप के मुताबिक, रिश्वत देने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूमते रहे और परिवार को जान से मारने की धमकियां देते रहे। आरोपियों ने यहां तक दावा किया कि उन्होंने जांच अधिकारी को अपने पक्ष में कर लिया है, जिससे पीड़ित परिवार का पुलिस से भरोसा टूट गया। रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद वीडियो और शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई की, जिसके बाद सब-इंस्पेक्टर और आरक्षी चालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
भ्रष्टाचारी पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड
इस मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उपनिरीक्षक सुधा पाल और आरक्षी चालक पैसे का लेनदेन करते दिख रहे हैं। जिसका संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षका महोदया ने दोनों को सस्पेंड कर दिया और जांच क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट- सुरजीत कुशवाहा)
ये भी पढ़ें- गाजियाबादः बेटे ने 13वीं मंजिल से कूदकर दी जान, फ्लैट में मिला मां का शव, एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत