1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बागपत में CNG पंप पर दो पक्षों में जमकर मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

बागपत में CNG पंप पर दो पक्षों में जमकर मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 01, 2026 02:34 pm IST,  Updated : Jul 01, 2026 02:34 pm IST

बागपत में 30 जून की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सीएनजी पंप पर दो पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली है।

Baghpat- India TV Hindi
बागपत में एक सीएनजी पंप पर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है Image Source : REPORTER INPUT

कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर एक सीएनजी पंप पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई हे। इसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे पंप पर मौजूद अन्य लोगों में भी हड़कंप मच गया।

शराब के नशे में युवक की पंप पर मौजूद लोगों से कहासुनी

जानकारी के अनुसार विवाद उस समय शुरू हुआ जब शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति का सीएनजी पंप पर मौजूद कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में लोग एक-दूसरे पर हमला करते और बीच-बचाव की कोशिशें करते नजर आ रहे हैं। घटना के कारण कुछ देर तक पंप पर अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर थाना कोतवाली बागपत पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस को अब तक नहीं मिली किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर

पुलिस के अनुसार यह घटना 30 जून 2026 की रात की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में एक व्यक्ति का पंप पर मौजूद कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की नौबत आ गई। हालांकि अब तक इस मामले में थाना कोतवाली बागपत पर किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि विवाद में शामिल व्यक्ति की पहचान और उसके नाम-पते की जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी पक्ष की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सोशल मीडिया पर मारपीट की यह सीसीटीवी फुटेज वायरल है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

बागपत से डॉ पारस जैन की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

उन्नाव के पास एक्सप्रेस-वे पर हुआ भीषण सड़क हादसा, 2 बच्चियों समेत 5 की मौत; कई घायल

गाजियाबाद में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की घटना, परिवार का आरोप- दबंगों ने घर में पूरे परिवार को बंधक बनाकर हमला किया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।