यूपी के फर्रुखाबाद सीट से बीजेपी के सांसद मुकेश राजपूत सहित 87 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक मुकेश राजपूत पर उनकी जीजा के घर और दुकान पर जबरन कब्जा करने का आरोप है। यह एफआईआर कासगंज के सहावर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है। इसमें 37 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा, मारपीट, डकैती और अन्य अपराधों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
87 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पुलिस ने बताया कि संपत्ति के विवाद को लेकर MP-MLA कोर्ट के आदेश के बाद सांसद मुकेश राजपूत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मुकेश राजपूत यूपी की फर्रुखाबाद लोकसभा सीट से BJP के सांसद हैं। इस एफआईआर में उनके परिवार के सदस्यों, सुरक्षा गार्डों और सहयोगियों समेत 87 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। यह FIR कासगंज जिले के सहावर पुलिस स्टेशन में 7 सितंबर, 2025 की एक घटना के सिलसिले में दर्ज की गई। इस घटना में मुकेश राजपूत की बहन रीना और उनके ससुराल वाले भी शामिल थे।
घर और दुकान पर कब्जे का आरोप
रीना के ससुराल वालों की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुकेश राजपूत ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करके विवाद के दौरान अपने जीजा रवींद्र को उनके ही घर से बेदखल करवा दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि रवींद्र को बेदखल करने के बाद, मुकेश राजपूत ने कुछ लोगों को उनके घर और दुकान पर जबरन कब्जा करने के लिए भेजा और मारपीट, दंगा और सामान की लूटपाट की। परिवार का दावा है कि घटना के तुरंत बाद वे स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पास गए थे, लेकिन कोई FIR दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कानूनी कार्रवाई के लिए MP-MLA कोर्ट का रुख किया।
कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई
सुनवाई के बाद, कोर्ट ने पुलिस को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया। आदेश पर कार्रवाई करते हुए, सहावर पुलिस ने मुकेश राजपूत समेत 37 नामजद आरोपियों और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ दंगा, मारपीट, डकैती और अन्य अपराधों से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। कासगंज के पुलिस अधीक्षक ए पी सिंह ने कहा, "जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-