अयोध्या: अयोध्या में सरयू नदी के पास स्थित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ स्थल पर आग लग गई। दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया, जिससे आगे किसी भी तरह के नुकसान को टाल दिया गया। अयोध्या के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि "यहां पर सरयू नदी कि किनारे एक महायज्ञ का आयोजन किया गया था। जिसमें हमें सूचना प्राप्त हुई कि एक पंडाल में आग लगी है।
आग से कोई जनहानि नहीं हुईः डीएम
सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग की गाड़ी को मौके पर भिजवाया गया और आग को नियंत्रण में लाया गया। किसी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या अन्य हानि नहीं हुई है। यज्ञ समाप्त हो चुका है जिस कारण ये यज्ञशाला खाली पड़ी थी। कुल मिलाकर यहां जो आग की घटना हुई थी उसे समय रहते नियंत्रित किया गया। दमकल की गाड़ियां अपना कार्य कर रही हैं, स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी यहां मौजूद हैं। प्रशासन के लोग यहां पर मौजूद भीड़ से आग्रह कर रहे हैं कि वे यहां से प्रस्थान करें।
यहां देखें वीडियो
यज्ञ समाप्त होने के बाद लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग दोपहर करीब 12 बजे लगी, जिसने एक एकड़ में फैले पंडाल को कुछ ही मिनटों में राख में बदल दिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, क्योंकि घटना के समय यज्ञ स्थल खाली था। यज्ञ समाप्त होने के कुछ ही देर बाद यह घटना हुई। यह यज्ञ स्थल राम मंदिर से लगभग 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। शुरुआती जांच के मुताबिक, अनुष्ठान के बाद नारियल फोड़ते समय निकली एक चिंगारी से कपड़े के पंडाल में आग लग गई होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यज्ञ स्थल पर 1,251 हवन कुंड बनाए गए थे और अंतिम दिन 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने अनुष्ठान में हिस्सा लिया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अधिकांश लोग वहां से जा चुके थे, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि पंडाल में लोग मौजूद होते, तो इस घटना के कारण भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।