1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बक़रीद से पहले मुश्किल में फंसे सपा के पूर्व MLA इरफान सोलंकी, मुस्लिम समर्थकों ने ही लगाए मुर्दाबाद के नारे

बक़रीद से पहले मुश्किल में फंसे सपा के पूर्व MLA इरफान सोलंकी, मुस्लिम समर्थकों ने ही लगाए मुर्दाबाद के नारे

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : May 27, 2026 04:32 pm IST,  Updated : May 27, 2026 04:32 pm IST

बकरीद से पहले कानपुर में एक बार फिर सियासत चरम पर है। सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और उनके खुद के मुस्लिम समर्थकों ने खिलाफत में नारेबाजी की। देखें वीडियो...

इरफान सोलंकी की बढ़ीं मुश्किलें- India TV Hindi
इरफान सोलंकी की बढ़ीं मुश्किलें Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश: बक़रीद से पहले एक बार फिर से सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की मुश्किलें बढ़ गयी है, उनपर एक और FIR दर्ज होने के बाद फिर से कानपुर में सियासी माहौल में गर्म हो चुका है। दरअसल कानपुर के चमनगंज थानाक्षेत्र स्थित हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी मंगलवार देर रात अचानक विवाद का केंद्र बन गई। मामला उस समय गरमा गया जब सीसामऊ के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी पर मंडी संचालकों की ओर से रंगदारी मांगने, गाली-गलौज और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। विवाद के बाद मौके पर भारी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग जमा हो गए। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि मंडी के गेट बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और पूर्व विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए जाने लगे।

इरफान सोलंकी पहुंचे बकरा बाजार

अब इस पूरे मामले में इरफान सोलंकी के खिलाफ FIR भी दर्ज कर ली गई है, जिसके बाद मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है। मामले के अनुसार हलीम ग्राउंड में वर्षों से बकरा बाजार संचालित किया जाता है। बकरीद को देखते हुए इन दिनों मंडी में काफी भीड़ है और बड़ी संख्या में व्यापारी व खरीददार वहां पहुंच रहे हैं। इसी बीच मंगलवार रात पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने कुछ सहयोगियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मंडी पहुंचे। इसके बाद घटनास्थल पर विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

देखें वीडियो

इरफान सोलंकी पर लगे आरोप, सोलंकी ने दिया जवाब

बकरा बाजार कमेटी से जुड़े वफा अब्बास ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक और उनके साथियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान मामला बढ़ गया और गाली-गलौज के साथ मारपीट की घटना हुई। वफा अब्बास का दावा है कि मंडी संचालन के नाम पर उनसे तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया गया।

वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्हें मंडी में आने वाले व्यापारियों और ग्राहकों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। इसी शिकायत के आधार पर वह अपनी पत्नी व वर्तमान विधायक नसीम सोलंकी के साथ वहां पहुंचे थे। इरफान के मुताबिक जब कथित वसूली का विरोध किया गया तो कुछ लोग आक्रामक हो गए और उनके सुरक्षा कर्मियों के साथ हाथापाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके गनर की सरकारी कार्बाइन छीनने का प्रयास किया गया।

लोगों ने सोलंकी के खिलाफ की नारेबाजी

घटना के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग बकरा बाजार कमेटी के समर्थन में सड़कों पर उतर आए। लोगों ने मंडी के गेट बंद कर दिए और जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। वफा अब्बास की तहरीर पर पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और उनके अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने जैसी धाराओं में FIR दर्ज की गई है। वहीं विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद की तहरीर पर वफा अब्बास समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल FIR दर्ज होने के बाद यह मामला शहर की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

(कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।