1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: क्लीनिक में चोरी करने घुसा था चोर लेकिन दीवार और शटर के बीच फंस गया, देखें VIDEO

गाजियाबाद: क्लीनिक में चोरी करने घुसा था चोर लेकिन दीवार और शटर के बीच फंस गया, देखें VIDEO

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 11, 2026 05:49 pm IST,  Updated : Apr 11, 2026 05:59 pm IST

गाजियाबाद में एक चोर का वीडियो सामने आया है, जो चोरी करने के इरादे से एक क्लीनिक में घुसा था लेकिन ऐसा फंसा कि निकल ही नहीं पाया।

Ghaziabad- India TV Hindi
चोरी करने घुसा था चोर लेकिन दीवार और शटर के बीच फंसा Image Source : REPORTER INPUT

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड में शनिवार दोपहर एक क्लीनिक में चोरी की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब चोर खुद ही शटर और दीवार के बीच फंस गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

आज दोपहर करीब 1:15 बजे फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली कि अभय खंड स्थित एक क्लीनिक में एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि अभिषेक (पुत्र गणेश), निवासी बिहार, बीती रात क्लीनिक में चोरी के इरादे से छत के रास्ते अंदर घुसा था। इसी दौरान नीचे उतरते समय वह शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच में गर्दन फंसने के कारण लटक गया और बाहर नहीं निकल सका।

फायर सर्विस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू उपकरणों की मदद से शटर को सावधानीपूर्वक हटाया और युवक की गर्दन को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। 

बता दें कि ये पहला मामला नहीं है, जब कोई चोर इस तरह से फंस गया हो, बल्कि इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां चोर मौके पर चोरी करने पहुंचे लेकिन ऐसा फंसे कि निकल ही नहीं पाए और फिर सुबह के वक्त पुलिस ने ही उन्हें न केवल बाहर निकाला बल्कि गिरफ्तार भी किया।

हालही में एक और ऐसा मामला सामने आया था, जिसमें चोर ने रोशनदान से घर में घुसने की कोशिश की थी लेकिन अपनी शारीरिक बनावट की वजह से वह रोशनदान में ही फंस गया था और फिर पुलिस को बुलाना पड़ा था। बड़ी मुश्किल से उसे बाहर निकाला जा सका था। (इनपुट: जुबैर अख्तर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।