1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद में सड़क किनारे पति-पत्नी की लाश मिलने से सनसनी, कार के शीशे पर बुलेट और अंदर ब्लड मिला

गाजियाबाद में सड़क किनारे पति-पत्नी की लाश मिलने से सनसनी, कार के शीशे पर बुलेट और अंदर ब्लड मिला

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jan 30, 2024 02:02 pm IST,  Updated : Jan 30, 2024 02:03 pm IST

दंपति सोमवार रात करीब 10 बजे घर से अपनी ब्रेजा कार में निकले थे और इसके बाद वापस घर नहीं लौटे। आज सुबह दोनों के गोली लगे शव मिले हैं। पुलिस मान रही है कि विनोद ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद भी जान दे दी।

ghaziabad- India TV Hindi
गाजियाबाद में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी Image Source : INDIA TV

गाजियाबाद में एम्स के नशा मुक्ति केंद्र के पास आज सवेरे पति-पत्नी के गोली लगे शव मिले हैं। दोनों शव सड़क किनारे पड़े हुए थे और उनकी ब्रेजा कार पास में खड़ी थी। पास से ही एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस मान रही है कि पति ने पत्नी की तमंचे से गोली मारकर हत्या करने के बाद खुदकुशी की है। हालांकि हत्या के बिंदू पर भी पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये है पूरा मामला

मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के कमला नेहरूनगर में एम्स का नशा मुक्ति केंद्र है। इसके नजदीक आज सुबह करीब 8 बजे महिला-पुरुष की लाश पड़ी हुई थी। इस सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों महिला-पुरुष को गोली लगी हुई थी। पास में ही एक ब्रेजा कार खड़ी हुई मिली, जो इन्हीं दंपति की थी। कार की विंडस्क्रीन पर भी गोली लगी थी।

रात को कार से निकले, सुबह मिले शव

इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया, मृतकों की पहचान 45 वर्षीय विनोद और उसकी पत्नी दीपा (41) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से रुड़की उत्तराखंड के रहने वाले थे और पिछले करीब 10 साल से गाजियाबाद के महिंद्रा एन्क्लेव में रहते थे। पुलिस जांच में पता चला है कि दंपति सोमवार रात करीब 10 बजे घर से अपनी ब्रेजा कार में निकले थे और इसके बाद वापस घर नहीं लौटे। आज सुबह दोनों के गोली लगे शव मिले हैं। पुलिस मान रही है कि विनोद ने पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद भी जान दे दी। पुलिस को घटनास्थल से एक तमंचा भी मिला है। हालांकि पुलिस अभी तक इस घटनाक्रम में आधिकारिक बयान देने से बच रही है और जांच की बात कह रही है।

नौकरी छूटने से तनाव में थे पति-पत्नी

बताया जा रहा है कि विनोद एक कंपनी में नौकरी करते थे, बाद में ये कंपनी बंद हो गई। संभवत: वे इसको लेकर भी तनाव में रहते थे। आसपास के लोगों के मुताबिक, विनोद ने पहले भी खुदकुशी का प्रयास किया था। हालांकि अभी तक घटना की ठोस वजह निकलकर सामने नहीं आई है। पुलिस रुड़की में रहने वाले विनोद के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।

(रिपोर्ट- जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।