1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शराब के नशे में दोस्तों ने ही की दोस्त की हत्या, कुल्हाड़ी से सिर को धड़ से अलग कर दूसरे जिले में फेंका, जानिए वजह

शराब के नशे में दोस्तों ने ही की दोस्त की हत्या, कुल्हाड़ी से सिर को धड़ से अलग कर दूसरे जिले में फेंका, जानिए वजह

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Dec 02, 2025 11:51 pm IST,  Updated : Dec 02, 2025 11:54 pm IST

वारदात की जांच करते हुए पुलिस ने हत्यारे दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के सामने आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। तीनों आरोपियों की उम्र 19 से 21 साल के बीच बताई जा रही है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : INDIA TV

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां 20 वर्षीय एक युवक की उसके ही दोस्तों ने बेरहमी से हत्या कर दी। उसके सिर को धड़ से अलग कर पड़ोसी महाराजगंज जिले में फेंक दिया। पुलिस ने सोमवार शाम को शव के टुकड़े बरामद किए और पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। 

गुमशुदगी की दर्ज कराई गई शिकायत

पुलिस की टीम इस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि सूर्य विहार कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अंबुज उर्फ ​​प्रकाशेंदु 26 नवंबर की देर शाम एक शादी के हल्दी समारोह के लिए घर से निकला था लेकिन जब वह वापस नहीं लौटा और उसका फोन बंद आने लगा तो परिवार के सदस्यों ने 28 नवंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। 

पैसे के विवाद में की हत्या

पुलिस ने अंबुज के एक दोस्त से संपर्क किया, जिसके साथ वह बाहर गया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अंबुज के दोस्त ने कबूल किया कि शराब के नशे में हुए झगड़े के दौरान पैसों के विवाद में उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से अंबुज की हत्या कर दी थी। 

नहर के पास फेंका धड़

आरोपी ने पुलिस को कहा कि हत्या के बाद वे लोग पड़ोसी जिले महाराजगंज गए और कटे हुए सिर को भैंसा-पिपरा खादर मार्ग पर और धड़ को 10 किलोमीटर दूर श्यामदेउरवा में एक नहर के पास फेंक दिया। 

महाराजगंज से बरामद किए गए शव के टुकड़े

मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक (शहर) अभिनव त्यागी ने कहा कि तीनों आरोपियों ने पैसों के विवाद में अंबुज की हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोमवार शाम को महाराजगंज से शव के टुकड़े बरामद किए गए और अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि तीसरे संदिग्ध की तलाश जारी है। पुलिस ने अब तक आरोपियों के नामों का खुलासा नहीं किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों संदिग्धों की उम्र 19 से 21 साल के बीच है। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।