1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम भी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया

गाजियाबाद: यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले का दूसरा आरोपी गुलफाम भी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Mar 03, 2026 10:00 pm IST,  Updated : Mar 03, 2026 11:12 pm IST

गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले का दूसरा आरोपी भी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। बदमाश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एनकाउंटर में मारा गया गुलफाम (फाइल फोटो )- India TV Hindi
एनकाउंटर में मारा गया गुलफाम (फाइल फोटो ) Image Source : REPORTER

गाजियाबादः सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमले के दूसरे आरोपी गुलफाम को भी पुलिस ने मंगलवार को ढेर कर दिया। गुलफाम पर पुलिस ने एक लाख रुपये इनाम घोषित किया था। वह फरार चल रहा था। तीन दिन में गाजियाबाद पुलिस का यह दूसरा फुल एनकाउंटर हुआ। जानकारी के मुताबिक, इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश की मुठभेड़ हो गई। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और इंस्पेक्टर अनिल राजपूत प्रभारी क्राइम ब्रांच ने बदमाश को ढेर कर दिया।  

 48 घंटे में दोनों सगे भाई मारे गए

गुलफाम मुख्य आरोपी जीशान का बड़ा भाई था। सलीम पर शुक्रवार सुबह हमला किया गया था। इस एनकाउंटर में पिछले 48 घंटे में दोनों सगे भाई मारे गए। यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर शुक्रवार सुबह गाजियाबाद के लोनी में धारदार हथियारों से दो हमलावरों ने जान लेवा हमला किया था। इस मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। 

पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद जे रविंदर गोड ने इस मामले में जीशान, जिला अमरोहा पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। एक मार्च की रात को गाजियाबाद के एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जीशान को एनकाउंटर में मारा। ठीक 48 घंटे बाद आज 3 मार्च को जीशान का बड़ा भाई गुलफाम भी एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड ने बताया कि गुलफाम पर भी गाजियाबाद पुलिस ने 1 लाख का इनाम घोषित किया था।

एक बदमाश फरार होने में कामयाब

एडिशनल DCP क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि रात में बाइक से 2 संदिग्ध इंदिरापुरम के वसुंधरा की तरफ भाग रहे थे। जब स्वाट टीम और पुलिस ने दोनों को रोकने का इशारा किया तो एक बदमाश ने पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद बाइक छोड़कर दोनों बदमाश पैदल भागने लगे, इसमें एक सिपाही को भी गोली लगी है। पुलिस और बदमाशों के बीच 20 राउंड से अधिक फायरिंग हुई है।

गोली लगने से एक बदमाश घायल हुआ। जिसकी पहचान गुलफाम पुत्र बुनियाद अली निवासी सैद नगली जिला अमरोहा के रूप में हुई है। जिसे अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरा हमलावर रात में अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। मौके से एक आधार कार्ड, एक चाकू, एक तमंचा और एक पिस्टल बरामद हुई है। कुछ कारतूस में मिले हैं, मौके से जो बाइक मिली है उसकी जांच की जा रही है। दोनों बदमाशो ने पुलिस पर एक दर्जन से अधिक फायरिंग की है।

रिपोर्ट- जुबेर अख्तर, गाजियाबाद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।