1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर चलती बाइक बनी आग का गोला, युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर चलती बाइक बनी आग का गोला, युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : May 14, 2026 11:25 pm IST,  Updated : May 14, 2026 11:42 pm IST

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। हालांकि, जल्द ही इसने विकराल रूप ले लिया और बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया, उसे भागने का भी मौका नहीं मिला।

Hapur bike fire- India TV Hindi
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ है। यहां बागड़पुर फ्लाईओवर के ऊपर एक चलती मोटरसाइकिल में अचानक भीषण आग लग गई। चलती बाइक में लगी आग से बाइक सवार खुद को बचा नहीं सका। इस हादसे में बाइक सवार युवक आग की लपटों के बीच बुरी तरह घिर गया और अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। 

हादसा बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बागड़पुर फ्लाईओवर पर करीब 8:30 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतक युवक की पहचान अजीत पुत्र राजेश सिंह के रूप में हुई है, जो जनपद अमरोहा के गांव भोगपुरा का निवासी था। 

फ्लाई ओवर में हुआ हादसा

अजीत अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP13 AK 1328 पर सवार होकर अमरोहा से हापुड़ की ओर आ रहा था। जैसे ही वह बागड़पुर फ्लाई ओवर के ऊपर पहुंचा, उसकी बाइक में अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि अजीत को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह आग की लपटों में बुरी तरह घिर गया।

हाईवे पर ट्रैफिक बाधित

सड़क पर धूं-धूं कर जलती बाइक को देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस को बुलाया। आग की चपेट में आने से अजीत गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग को बुझाया गया।  इस दौरान हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। 

आग लगने के कारणों की जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाइक में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के परिवार में इस घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।

(हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

दुख की घड़ी में दिल छू लेने वाला पल, बैकुंठधाम में प्रतीक की छोटी बेटी को चॉकलेट खिलाते नजर आए अखिलेश; VIDEO

उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 84 जिलों के एसडीएम बदले

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।