1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जंगल में मिला योगेश का कंकाल, खोपड़ी गायब; बेवफा पत्नी की खौफनाक साजिश जानकर सिहर गया परिवार

जंगल में मिला योगेश का कंकाल, खोपड़ी गायब; बेवफा पत्नी की खौफनाक साजिश जानकर सिहर गया परिवार

 Published : Oct 09, 2025 08:45 am IST,  Updated : Oct 09, 2025 08:45 am IST

योगेश 24 सितंबर से लापता था। कानून को गुमराह करने के लिए उसकी पत्नी पूजा ने पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई गई थी। लेकिन पुलिस ने इस शातिर पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा रची गई हत्याकांड की गुत्थी का पर्दाफाश कर दिया है।

hapur yogesh murder case- India TV Hindi
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के जनपद हापुड़ में मंगलवार दोपहर को पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज के पास एक बिना सिर का नर कंकाल पुलिस को मिला था। पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई तो खौफनाक सच सामने आया। अब तक की जांच में यह बात पता चली है कि जिस व्यक्ति का बिना सिर का कंकाल पुलिस को मिला, उसकी हत्या करके शव को मेडिकल कॉलेज के पास बने एक जंगल में फेंक दिया था। हत्या मृतक व्यक्ति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। 

क्या है पूरा मामला?

हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास एक जंगल में पुलिस को मंगलवार दोपहर को एक मानव कंकाल होने की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस द्वारा इस मामले में मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की गई। पुलिस की जांच में कंकाल की पहचान जनपद गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र के साहिबाबाद गांव के रहने वाले योगेश के रूप में हुई है। 

24 सितंबर से लापता था योगेश

पुलिस सूत्रों की माने तो 24 सितंबर को योगेश लापता हो गया था। योगेश की पत्नी पूजा द्वारा 26 सितंबर को गाजियाबाद पुलिस से पति की गुमशुदगी की शिकायत की गई थी इसके बाद पुलिस ने योगेश की तलाश शुरू कर दी थी। साथ ही पत्नी द्वारा 29 सितंबर को गाजियाबाद कमिश्नर के यहां भी अपने पति की तलाश करने की गुहार लगाई गई थी। 

पुलिस को चकमा दे रही थी पत्नी

जांच में यह बात सामने आई है कि यह सब एक साजिश के तहत कानून को चकमा देने के लिए किया जा रहा था जिससे पूजा और उसका प्रेमी कानून की आंखों में धूल झोंक सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार पत्नी पूजा द्वारा बुलंदशहर निवासी अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पूजा ने यह पूरा षड्यंत्र रचा था। अब पुलिस योगेश की हत्या करने वाली उसकी पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा रची गई हत्या की साजिश की जांच कर रही है। 

पति को रास्ते से हटाने के लिए रची साजिश

मृतक योगेश मूल रूप से जनपद बिजनौर का रहने वाला था। पिछले कई वर्षों से वह जनपद गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र के साहिबाबाद गांव में रह रहा थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि उसकी पत्नी पूजा का प्रेम प्रसंग बुलंदशहर जनपद निवासी एक व्यक्ति से चल रहा था जिसकी जानकारी योगेश को हो गई थी। पति को रास्ते से हटाने के लिए पूजा ने योगेश की हत्या का प्लान तैयार किया।  24 सितंबर को पूजा ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले हत्या की पूरी साजिश रची। उसने योगेश को फोन करके पिलखुवा आने के लिए कहा। जब योगेश हापुड़ के नेशनल हाईवे 9 पर बने सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचा तो पूजा ने उसे जंगल की तरफ आने के लिए कहा , जहां पहले से घात लगाकर बैठे पूजा के प्रेमी ने योगेश पर हमला कर दिया।

स्थानीय लोगों ने देखा कंकाल, सूचना पर दौड़ी पुलिस

इसके बाद पूजा और उसके प्रेमी ने मिलकर चाकू से गले पर कई बार वार करके योगेश की निर्मम हत्या कर दी और शव को जंगल में ही छुपा दिया। 7 अक्टूबर को स्थानीय लोगों ने जंगल में नर कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद हापुड़ की पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की थी। फिलहाल हापुड़ पुलिस द्वारा गाजियाबाद पुलिस के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की छानबीन की जा रही है। जल्द ही पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा करने की बात कह रही है।

(रिपोर्ट- निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

पापा का अफेयर... युवती के परिजनों ने 5 साल के आर्यन को दी दर्दनाक मौत, बोरे में भरकर फेंक दी लाश

'मैं बोर हो गया था इसलिए मां को मार डाला', 80 साल की बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर थाने पहुंचा बेटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।