1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्नी की बीमारी और कलह से परेशान पति ने अपने कर्जदारों से उधार माफ करने के एवज में कराई हत्या; इस गलती से खुल गई पोल

पत्नी की बीमारी और कलह से परेशान पति ने अपने कर्जदारों से उधार माफ करने के एवज में कराई हत्या; इस गलती से खुल गई पोल

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Feb 07, 2026 05:06 pm IST,  Updated : Feb 07, 2026 05:07 pm IST

Wife Murder Case Hapur: हापुड़ में पति ने उन दो लोगों से अपनी पत्नी की हत्या करा दी जो उसके कर्जदार थे। उसने अपनी फैक्ट्री के मजदूरों को 60 हजार रुपये कर्ज दिया था। जानें पति के गुमराह करने की बात को पुलिस ने कैसे पकड़ लिया।

Hapur Murder Case- India TV Hindi
फोटो में बाईं तरफ आरोपी पति और दाईं तरफ मृतक पत्नी है। Image Source : REPORTERS INPUT

Hapur Wife Murder Case: यूपी के हापुड़ में पुलिस ने दिल दहलाने वाली वारदात का खुलासा किया है। यहां बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में हुई रीता शर्मा की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस की जांच में जो सच्चाई सामने आई है, उसने रिश्तों को तार-तार कर दिया है। जिस पति ने 7 फेरे लेकर सुरक्षा का वचन दिया था, वही रीता शर्मा का मुख्य साजिशकर्ता निकला। पुलिस ने इस पूरी साजिश का खुलासा किया है।

दुनिया को दिखाने के लिए घर में लूटपाट भी कराई

ASP हापुड़ विनीत भटनागर ने घटना को लेकर बताया कि 2 फरवरी की रात आरोपी पति राहुल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की और उसकी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। इसके बाद इस पूरे मामले की जांच शुरू की गई।

'फोर्स्ड एंट्री' ना होने पर पति पर हुआ शक

पुलिस की जांच में इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड उसके पति को ही पाया गया। शातिर पति राहुल ने एक सोची-समझी चाल चली थी। वारदात के वक्त वह पास के ही एक शादी समारोह में गया था और वहां जानबूझकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई ताकि पुलिस उसे संदिग्ध न माने। हालांकि, घटनास्थल के निरीक्षण और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने पुलिस के शक की सुई राहुल की ओर घुमा दी, क्योंकि पुलिस को अपनी जांच में मृतक के घर में 'फोर्स्ड एंट्री'  के कोई निशान नहीं मिले थे। 

जिनको दिया था कर्ज, उन्हीं से कराई पत्नी की हत्या

हत्याकांड को अंजाम देने के लिए राहुल ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले 2 मजदूरों, शेर अली और फिरोज को लालच देकर तैयार किया था। उसने इन दोनों का 60 हजार रुपये का पुराना कर्ज माफ करने और अलग से और पैसे देने का सौदा किया था। वारदात की रात राहुल ने चालाकी दिखाते हुए एक स्थानीय शादी समारोह में शिरकत की और वहां अपनी फोटो खिंचवाई ताकि वह अपनी मौजूदगी का पुख्ता सबूत पेश कर सके। उसकी अनुपस्थिति में उसके दोनों साथियों ने घर में घुसकर रीता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और घटना को लूट का रूप देने के लिए घर से जेवर और नगदी भी समेट ली।

गुमराह करने के लिए गढ़ी झूठी कहानी

ASP विनीत भटनागर के मुताबिक, आरोपी राहुल ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने के लिए लूटपाट की झूठी कहानी गढ़ी थी, लेकिन घटनास्थल पर 'फोर्स्ड एंट्री' के निशान न मिलने और संदिग्ध गतिविधियों के कारण पुलिस का शक गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राहुल, शेर अली और फिरोज को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी की बीमारी के खर्च से था परेशान

उनके पास से हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू, खून से सने कपड़े और लूटे गए जेवर आदि बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी पति राहुल अपनी पत्नी की लगातार रहने वाली बीमारी और उस पर होने वाले खर्च और उससे पैदा हुए गृह-क्लेश से बेहद तंग आ चुका था। रोज-रोज के झगड़ों और बीमारी पर होने वाले खर्च से छुटकारा पाने के लिए उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का खौफनाक निर्णय लिया और इसे अंजाम देने के लिए एक शातिर योजना तैयार की थी।

(इनपुट- निशांक शर्मा)

ये भी पढ़ें- भाभी ने वायरल की GF की फोटो तो उसकी मां ने कर ली खुदकुशी, फिर देवर ने जो बदला लिया वो जानकर रूह कांप जाएगी!

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।