उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस ने एनकाउंटर किया है। जिले में अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मल्लावां थाना क्षेत्र में 50,000 रुपये का इनामी आरोपी मेनूर उर्फ शेनूर उर्फ मेहनुद्दीन की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इलाज के दौरान 50 हजार के इनामी आरोपी की मौत हो गई। इस दौरान एसओजी प्रभारी राजेश कुमार भी घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
3 मई को बच्ची की गई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मल्लावां थाने में एक बच्चे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बच्चे की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। जांच के दौरान सामने आया कि रविवार (3 मई) को आरोपी ने बच्चे की हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए चोरी के सिम कार्ड से परिजनों को फोन कर फिरौती मांगी।
खेत से बरामद हुआ था बच्चे का शव
मंगलवार को मल्लावां क्षेत्र के एक खेत से बच्चे का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने ₹50,000 का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने आरोपी को चारों तरफ से घेरा
बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मल्लावां क्षेत्र में मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एसओजी प्रभारी राजेश कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में पकड़ लिया।
आरोपी के पास से मोटरसाइकिल, पिस्टल, तमंचा, कारतूस बरामद
घायल आरोपी और पुलिसकर्मी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, पिस्टल, तमंचा, कारतूस, बच्चे का ताबीज, मोबाइल और चोरी की सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल मामले में पंचनामा, पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच सहित सभी वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इलाज के दौरान आरोपी की मौत
इस मामले की जानकारी देते हुए हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस की टीम ने मुठभेड़ के दौरान 50,000 के इनामी अभियुक्त मेनूर उर्फ शेनूर उर्फ मेहनुद्दीन को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह कन्नौज का रहने वाला था। पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: