हाथरसः हाथरस के एसपी निपुन अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि हाथरस घटना का मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर को गिरफ्तार किया गया है। इस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा राम प्रकाश और संजू यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों संगठन के लिए फंड जुटाने का काम करते थे। एसपी ने कहा कि इनकी पहली भूमिका आयोजक और दूसरी भूमिका फंड रेजर के तौर पर सामने आई है।
Related Stories
सूरजपाल उर्फ भोले बाबा को समन भेज सकती है पुलिस
यूपी पुलिस के सूत्रों ने बताया कि जरूरत पड़ने पर बाबा सूरजपाल को भी समन भेजा जा सकता है। समन के ज़रिए बाबा को जांच में शामिल होने के लिए पुलिस बोल सकती है। सूरजपाल हादसे के बाद से फरार है। उसने आज सुबह एक वीडियो मैसेज जारी कर अपना बयान भी जारी किया है।
फंडिंग की जांच कर रही है पुलिस
एसपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि हाथरस की SOG ने मधुकर को कल देर शाम दिल्ली के नजफगढ़ से गिरफ्तार किया था। पुछताछ की गई है, इनकी फंडिंग अभी जांच के दायरे हैं। फंडिंग कहां से आ रही है, डोनर की लिस्ट का संकलन किया जा रहा है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि फंड इकट्ठा करने के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है कि कहीं किसी तरह के कार्यक्रम में इनके संसाधन किसी राजनीतिक पार्टी के द्वारा पोषित तो नहीं किए जा रहे हैं। अब तक की पूछताछ से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई राजनीतिक दल अपने राजनीतिक और निजी स्वार्थ के लिए इनसे जुड़ रहा है।
अब तक 9 लोग हो चुके हैं अरेस्ट
निपुण अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी और कार्यक्रम के आयोजक देव प्रकाश मधुकर और 2 अन्य आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। इससे पहले 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ़्तार किया जा चुका था। हादसे में अब तक कुल 9 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। पूछताछ में यह भी पता चला है कि कुछ समय पूर्व कुछ राजनीति दलों द्वारा इन्हें संपर्क किया गया था।