उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक वायरल वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल हुए इस वीडियो में एक शख्स दोनों हाथ में छुरी लिए नजर आ रहा है। बैकग्राउंड में एक गाना बज रहा है। साथ ही इस वीडियो में एक कैप्शन लिखा हुआ है। इसमें लिखा है, 'कितने असद को मारोगे, हमारे भी हथियार हैं हथियार तैयार।' वायरल वीडियो में शख्स सफेद कुर्ता-पायजामा पहने हुए है। उसमें खून लाल रंग भी लगा हुआ है, जो की रील में खून के धब्बे की तरह दिख रहा है।
वीडियो में भड़काऊ एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस आपत्तिजनक वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो में युवक हाथ में छुरी लेकर घूमता दिखाई दे रहा था। वीडियो के कैप्शन और ऑडियो में कथित तौर पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई गई।
आरोपी की हुई पहचान
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान 25 वर्षीय अमन पुत्र अशरफ, निवासी हरिनगर, अंगूर वाली मस्जिद के पास, मेरठ के रूप में हुई।
बीती रात आरोपी गिरफ्तार
मेरठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना ब्रह्मपुरी में बीएनएस की धारा 197(1), 299 और 353(3) के तहत केस दर्ज किया। सीनियर पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन को घटना में शामिल चाकू के साथ कच्चा दगड़ा भूमिया पुल के पास से बीती रात गिरफ्तार कर लिया।
माफी मांगने का सामने आया वीडियो
गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी अमन कान पकड़कर अपने करतूत के लिए माफी मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो में उसकी दबंगई पूरी तरह गायब नजर आ रही है और वह पुलिस के सामने रहम की गुहार लगाते हुए अपने किए पर पछतावा जताता दिख रहा है।
अब कोर्ट में पेश किया जाएगा आरोपी
पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जहां से उसे जेल भेजा जा सकता है। वहीं, पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर भड़काऊ और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट न करने की अपील की है।
हिमा अग्रवाल की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: