1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में इस सीजन में पहली बार पारा 45 डिग्री के पार, जानें अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

यूपी में इस सीजन में पहली बार पारा 45 डिग्री के पार, जानें अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : May 17, 2024 04:52 pm IST,  Updated : May 17, 2024 04:53 pm IST

यूपी में एक बार फिर गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सूरज की तपिश से हाल बेहाल है। इस सीजन में पहली बार राज्य में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।

यूपी में गर्मी से हाल...- India TV Hindi
यूपी में गर्मी से हाल बेहाल (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : FILE PHOTO

इस सीजन में पहली बार यूपी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। गुरुवार को कानपुर 45.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि आगरा और बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। शुक्रवार को भी तापमान इसी के आसपास है। गर्म पछुआ हवाओं की बढ़ती रफ्तार के चलते अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

लखनऊ मौसम विज्ञान कार्यालय प्रभारी मोहम्मद दानिश ने कहा, शुक्रवार को लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 43 डिग्री सेल्सियस और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। राज्य की राजधानी में गुरुवार को दिन का तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इन इलाकों में लू और भीषण गर्मी की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 मई से अगले 3-4 दिन तक लू की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को दिल्ली और राजस्थान की सीमा से लगे बुंदेलखंड क्षेत्र के कुछ जिले लू की चपेट में होंगे। इसके अलावा आगरा, प्रयागराज, झांसी, बांदा और चित्रकूट समेत कई जिलों में भी लू का अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार को यह धीरे-धीरे दक्षिण पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर यूपी के अधिकांश हिस्सों में फैल जाएगा। नेपाल की सीमा से लगे तराई क्षेत्र को छोड़कर पूरा राज्य रविवार और सोमवार को लू की चपेट में रहेगा।

राजस्थान में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?

सोमवार को जब लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में मतदान होगा तो तापमान धीरे-धीरे बढ़ने और 45 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छूने या पार करने की संभावना है। मोहम्मद दानिश ने कहा, ''राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके से आने वाली शुष्क गर्म हवाएं हीटवेव के लिए जिम्मेदार हैं। इस अवधि के दौरान पारा का स्तर बढ़ेगा। अगले पांच दिनों तक राज्य में शुष्क गर्म पछुआ हवाएं भी चलेंगी।'' दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य तिथि 19 मई को दक्षिण अंडमान सागर में और 1 जून की सामान्य तिथि से एक दिन पहले 31 मई को केरल में प्रवेश करने की संभावना है। इसके बाद ही शेष भारत में मानसून की प्रगति तय होगी।

दिल्ली में मौसम का सबसे गर्म दिन, शनिवार को लू चलने के आसार

दिल्ली में बृहस्पतिवार को पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस मौसम में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पिछला सबसे गर्म दिन आठ मई था और उस रोज अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। सात दिन के लिए आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

कब होती है लू की स्थिति?

मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री या उससे अधिक होता है यानी जब तापमान कम से कम 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। दिल्ली में मई 2023 में एक भी दिन लू नहीं चली, पिछले साल इस माह में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक 2022 में चार दिन ऐसे थे जब राजधानी में लू दर्ज की गई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।