7 मई को यानी कल होने वाली मॉक ड्रिल के लिए योगी सरकार भी तैयार है। लखनऊ में युद्ध से बचने के लिए आज मॉक ड्रिल की गई। पुलिस लाइन में हुई मॉक ड्रिल में लोग सायरन बजते ही जमीन पर लेट गए फिर गोली लगने पर या हमलों के बीच क्या किया जाए, इसकी ट्रेनिंग भी सिविलियंस को दी गई। बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से मॉक ड्रिल को लेकर आदेश जारी किया गया है। इसके जरिए लोगों को आपात स्थिति के संबंध में जागरूक किया जाएगा। हवाई हमलों की स्थिति में किस प्रकार से जान-माल की रक्षा करनी है, इस संबंध में लोगों को जानकारी दी जाएगी।
लखनऊ में वॉर मॉक ड्रिल का ऐसे हुआ अभ्यास
हमले में घायल लोगों को किस तरह बचाना है, किस तरह अस्पताल तक पहुंचाना है ये भी सिविल डिफेंस के लोगों ने लोगों को समझाया। ये सब लखनऊ में कल होनी वाली मॉक ड्रिल के लिए एक टेस्ट था। जंगी सायरन बचते ही खुद का बचाव कैसे करना है, सायरन बजते ही सबसे पहले क्या करना है, कैसे सेफ लोकेशन तक पहुंचना है ये भी लोगों को बताया गया। अगर हमले के दौरान धमाके से आग लगती है, उसे कैसे काबू किया जाए इसकी भी तकनीक बताई गई। कल फुल स्केल मॉक ड्रिल होगी और ये सिर्फ उसका ट्रेलर था।
1KM तक सुनाई देगी सायरन की आवाज
मॉक ड्रिल में हैंड सायरन का इस्तेमाल हो रहा है। जिस वक्त अटैक हुआ या अटैक का इनपुट मिला, उस वक्त हैंड सायरन को घुमाया जाएगा। जितनी तेज हैंड सायरन घूमेगा, आवाज उतनी तेज आएगी। ये सायरन इतने पॉवरफुल हैं कि इसकी आवाज एक किलोमीटर तक सुनाई देगी। यूपी में भी 19 जगहों को चिन्हित किया गया है, जहां पर मॉक ड्रिल कराई जानी है।
3 कैटेगरी में होगी मॉक ड्रिल-
दरअसल, कल जो 244 जिलों में जंग के सायरन की मॉक ड्रिल होनी है, उसे संवेदनशीलता के आधार पर तीन कैटेगरी में बांटा गया है।
- पहली कैटेगरी में उन 13 शहरों या जिलों को शामिल किया गया है जो हाईली सेंसेटिव हैं जिसमें देश की राजधानी दिल्ली और एटोमिक सेंटर शामिल हैं।
- कैटेगरी टू में राज्यों की राजधानी, धार्मिक स्थल, एयरबेस और कैंट वाले शहरों को शामिल किया गया है।
- कैटेगरी तीन में 45 वैसे शहर हैं जो स्टेट कैपिटल नहीं हैं और कम स्ट्रैटिजिकल कम महत्व के शहर हैं।
कैटेगरी वन में 7 राज्यों के 13 शहरों को रखा गया है जिसमें दिल्ली का नई दिल्ली और कैंट का एरिया है। गुजरात का सूरत, वडोदरा और काकरापारा है जबकि महाराष्ट्र का मुंबई और तारापुर है। ओडिशा का तालचर, राजस्थान का कोटा और रावतभट्टा, तमिलनाडु का चेन्नई और कल्पक्कम, उत्तर प्रदेश का बुलंदशहर नरोरा है। जिसमें काकरापारा, रावतभट्टा, तारापुर, कल्पक्कम और नरोरा एटोमिक सेंटर हैं। वहीं, गाजियाबाद में एयरबेस है इसलिए आज गाजियाबाद में भी मॉक ड्रिल हुई।
यह भी पढ़ें-
जंग के आसार! 7 मई को देश के किन-किन जिलों में होगी मॉक ड्रिल? यहां देखें पूरी लिस्ट
देशव्यापी मॉक ड्रिल का आदेश, आखिरी बार भारत में कब बजे थे सायरन?