1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर के माथाबारी गांव का दौरा करेंगे वायु सेना प्रमुख एपी सिंह, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से करेंगे संवाद

गोरखपुर के माथाबारी गांव का दौरा करेंगे वायु सेना प्रमुख एपी सिंह, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से करेंगे संवाद

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 26, 2026 05:02 pm IST,  Updated : Aug 26, 2026 05:07 pm IST

वायु सेना प्रमुख एपी सिंह गोरखपुर के माथाबारी गांव का दौरा करने जा रहे हैं। यहां वह ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद करेंगे। वायु सेना प्रमुख सरस्वती गुरुकुल और रामाश्रय ग्राम विकास संस्थान का दौरा करेंगे और बच्चों और युवाओं को प्रेरित करेंगे।

Air force chief amar preet singh in gorakhpur- India TV Hindi
गोरखपुर के गांव का दौरा करेंगे वायुसेना प्रमुख। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

भारत की वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह गुरुवार 27 अगस्त को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के दूरस्थ ग्राम माथाबारी का भ्रमण करेंगे। इस दौरान वायु सेना प्रमुख ग्रामीणों, विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे और उनके जीवन, जरूरतों, आकांक्षाओं और चुनौतियों के बारे में जानेंगे। अपने भ्रमण के दौरान वायु सेना प्रमुख अमर प्रीत सिंह रामाश्रय ग्राम विकास संस्थान, साखी, माथाबारी का दौरा करेंगे। वे संस्थान से जुड़े लोगों से बातचीत कर क्षेत्र में समाज के विकास, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेंगे।

क्या है यात्रा का मकसद?

गोरखपुर के माथाबारी गांव की यात्रा के दौरान एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह सरस्वती गुरुकुल का भी भ्रमण करेंगे। यहां वे विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करेंगे तथा बच्चों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। वायु सेना प्रमुख यहां स्थानीय युवाओं से भी बातचीत करेंगे। वे युवाओं की आकांक्षाओं और उनके सामने मौजूद अवसरों एवं चुनौतियों को समझेंगे तथा उन्हें अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।

ग्रामीणों के साथ भी बातचीत करेंगे IAF चीफ

सामने आई जानकारी के अनुसार, एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह अपनी यात्रा के दौरान वे ग्रामीणों के साथ भी अनौपचारिक और आत्मीय बातचीत करेंगे। ग्रामीण अपने अनुभव और अपनी आवश्यकताएं उनके साथ साझा कर सकेंगे। इससे सशस्त्र बलों और आम नागरिकों के बीच विश्वास और अपनत्व का संबंध और मजबूत होगा।

गोरखपुर के लिए खास अवसर

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के किसी दूरस्थ गांव में वायु सेना प्रमुख का यह भ्रमण अपने आप में एक विशेष अवसर है। गोरखपुर के किसी गांव में पहली बार सशस्त्र बलों के प्रमुख का दौरा हो रहा है। यह भ्रमण इस बात का संदेश भी देगा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सशस्त्र बल समाज के हर वर्ग के साथ जुड़े हुए हैं। यह अवसर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा तथा सैनिक और नागरिक के बीच आत्मीय संबंध को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

ये भी पढ़ें- 'उन्हें मनोहर कहानियां सुनाने दो, हमने तो अपना काम कर दिया...', भारतीय वायुसेना प्रमुख ने शहबाज शरीफ पर कसा तंज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।