उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित सुरक्षा विहार में अतुल डेयरी पर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा पाया गया है।
दबिश के लिए बनाई गई टीम
पुलिस के अनुसार, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। मौके पर एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि वह अपने दोस्त अतुल की डेयरी पर बैठा था, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने पहले हवाई फायर किया, फिर सीधे उनकी ओर 2-3 राउंड फायरिंग की। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद बताई जा रही है।
दुकानदारों ने बंद किए अपने-अपने शटर
फायरिंग करने वाले युवक सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर बदमाशी से जुड़े वीडियो डालते हैं। उसी को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना स्थल पर दुकानदारों की भीड़ लग गई। वहीं, कई दुकानदारों ने एहतियातन शटर बंद कर दिए।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से भय का माहौल पैदा हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
अलीगढ़ से प्रदीप की रिपोर्ट