Jhansi Hit And Run: यूपी में झांसी के मोंठ में एक तेज रफ्तार कार ने 2 बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी है। हादसे के बाद कार ड्राइवर, घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को बख्शा नहीं जाएगा।
बेकाबू कार ने मारी भीषण टक्कर
झांसी के मोंठ कस्बे में इंसानियत को शर्मसार करने वाली हिट एंड रन की घटना सामने आई है। इंदिरा चौराहे के पास बाइक से जा रहे दो युवकों को पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए और कार ड्राइवर अपनी गाड़ी को तेजी से भगाता हुआ वहां से निकल गया।
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई वारदात
हादसे के बाद लोगों को उम्मीद थी कि कार चालक रुककर घायलों की मदद करेगा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाई और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें कार और हादसे की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं।
हवा में उछलकर सड़क पर गिरे दोनों युवक
वीडियो में दिख रहा है कि कार तेज रफ्तार में निकलती है और इसकी चपेट में आने से बाइक का बैलेंस बिगड़ जाता है। इसकी वजह से उस बाइक पर सवार दोनों लोग उछलकर बीच सड़क पर गिर पड़ते हैं। इस घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों की बाइक को उठाया और चोटिल लड़के अपने आप उठकर खड़े हो गए।
पुलिस ने की कार की पहचान
घायल युवकों ने किसी तरह अस्पताल पहुंचकर अपना इलाज कराया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अर्टिगा कार की पहचान कर ली। अब फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान कर ली गई है। ड्राइवर की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट- आकाश राठौर)