1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. MBA की फीस के लिए किडनी तस्करी: डोनर से डील 9 लाख, मरीज से वसूले 60 लाख, एक झगड़े ने उजागर कर दिया काला कारोबार

MBA की फीस के लिए किडनी तस्करी: डोनर से डील 9 लाख, मरीज से वसूले 60 लाख, एक झगड़े ने उजागर कर दिया काला कारोबार

 Published : Mar 31, 2026 10:32 am IST,  Updated : Mar 31, 2026 10:32 am IST

कानपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। एक तरफ पढ़ाई का जुनून और दूसरी तरफ गरीबी का फायदा उठाने वाले सफेदपोश दरिंदे। MBA की फीस भरने के चक्कर में एक छात्र ने अपनी किडनी तक बेच दी। पुलिस के रडार पर शहर के कई बड़े अस्पताल और रसूखदार नाम हैं।

kanpur kidney transplant racket- India TV Hindi
कानपुर के अस्पताल में किडनी का 'सौदा' Image Source : REPORTER INPUT

​कानपुर में मानव अंगों की तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और प्रशासन के होश उड़ा दिए हैं। बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला आयुष, जो मेरठ में रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा था, फाइनल ईयर की फीस के इंतजाम के लिए एक ऐसे जाल में फंसा जहां से निकलना नामुमकिन था।

​किडनी का 'काला बाजार' और मजबूर छात्र

आयुष की किडनी का सौदा 9 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसमें से उसे अब तक महज 5 लाख रुपये ही मिले हैं। बाकी के 4 लाख रुपये के लिए जब उसने दबाव बनाया तब इस पूरे खेल का पर्दाफाश हुआ। जबकि किडनी लेने वाले मरीज से 60 लाख रुपये तक वसूले गए हैं। यहां किडनी लेने वाले से कई लाख रुपये लिए जाते थे, जबकि किडनी देने वाले को बेहद कम पैसे मिलते थे। मोटी रकम डॉक्टरों, अस्पतालों और बिचौलिए के बीच बांटी जाती थी।

अंगो के सौदे का ​मास्टरमाइंड: वार्डबॉय बना 'डॉक्टर'

​इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना शिवम अग्रवाल उर्फ शिवम काना बताया जा रहा है। शिवम असल में एक नर्सिंग होम का वार्डबॉय है, लेकिन वह खुद को डॉक्टर बताकर मजबूर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद आहूजा नर्सिंग होम में सर्जरी की जाती और सर्जरी के बाद डोनर और रिसीवर को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करा दिया जाता था। आहूजा नर्सिंग होम के डॉ. सुरजीत सिंह आहूजा, उनकी पत्नी डॉ. प्रीति आहूजा और शिवम अग्रवाल फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है। ​पुलिस जांच में सामने आया है कि इस अवैध ट्रांसप्लांट को वैध दिखाने के लिए आयुष को किडनी लेने वाली महिला का 'दूर का भाई' बताया गया था। कागजों में हेरफेर कर इसे इमोशनल डोनेशन का रूप दिया गया।

​एक्शन में STF , विजिलेंस , पुलिस और स्वास्थ्य विभाग

​कल रात से ही कानपुर के स्वास्थ्य विभाग, विजिलेंस और एसटीएफ (STF) की टीमों ने शहर के कई नामी अस्पतालों में छापेमारी की है। पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। शहर के बड़े डॉक्टरों और अस्पताल संचालकों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। आज होने वाले खुलासे में कई बड़े नामों के चेहरे से नकाब उतर सकता है।

​पीड़ित आयुष की जुबानी

​आयुष ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, "मुझे अपनी एमबीए की फीस भरनी थी, घर की स्थिति ठीक नहीं थी। शिवम ने मुझसे वादा किया था कि 9 लाख मिलेंगे। ऑपरेशन हो गया और मेरी किडनी निकाल ली गई, लेकिन अब वो पैसे देने में आनाकानी कर रहा है। मुझे डराया-धमकाया गया और फर्जी कागजों पर दस्तखत कराए गए।"

किडनी रैकेट से उठेगा पर्दा

​यह घटना केवल एक अपराध नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की महंगाई और अंग तस्करी के संगठित गिरोह का एक भयावह मेल है। क्या शहर के प्रतिष्ठित अस्पताल इस अवैध धंधे में शामिल थे? एसटीएफ की तफ्तीश जारी है और माना जा रहा है कि आज शाम तक कानपुर के इस 'किडनी रैकेट' पर से पूरी तरह पर्दा उठ जाएगा।

(रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला)

यह भी पढ़ें-

साहूकार ने 1 लाख को बना दिया 74 लाख... जमीन-ट्रैक्टर के बाद किसान ने 8 लाख में बेच दी किडनी, पर नहीं चुका पाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।