उत्तर प्रदेश के कानपुर से रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दरअसल, यहां 15 साल की एक नाबालिग के साथ उसके सगे मामा ने अपने ट्रक ड्राइवर दोस्त के साथ मिलकर कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। हैवानियत का शिकार हुई नाबालिग ने दरिंदों के चंगुल से बचने के लिए हाईवे पर चलते ट्रक से छलांग लगा दी। इसके कारण नाबालिग की जान तो बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने पॉक्सो के तहत दर्ज किया मुकदमा
बता दें कि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट सहित अन्य सुसंगत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। यह दिल दहला देने वाला मामला कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र का है। गुरुवार देर शाम पीड़िता के पिता ने थाने पहुंचकर नामजद तहरीर दी।
भांजी को बहला-फुसलाकर ट्रक में ले गया था मामा
शिकायत के मुताबिक, आरोपी मामा अपनी 15 साल की भांजी को बहला-फुसलाकर अपने साथ एक ट्रक में ले गया था। ट्रक में सवार होने के बाद आरोपी मामा और उसके ड्राइवर साथी ने नाबालिग के साथ जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने इस हैवानियत का कड़ा विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। दरिंदों ने उसे धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को भी बताया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
जान बचाने के लिए चलते ट्रक से हाईवे पर कूदी पीड़िता
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी, नाबालिग को बंधक बनाकर ट्रक से घाटमपुर की तरफ ले जा रहे थे। इसी दौरान, ट्रक जैसे ही कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित आलियापुर टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तो किशोरी ने हिम्मत दिखाई और आरोपियों को चकमा देते हुए चलते ट्रक से नीचे छलांग लगा दी। हाईवे पर गिरने के कारण किशोरी को चोटें आईं, लेकिन वह किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंच गई। बदहवास और लहूलुहान हालत में घर पहुंची बेटी ने जब परिजनों को आपबीती सुनाई, तो सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। इससे पहले ऐसा ही एक मामला लखनऊ से सामने आया था, जिसमें परिचित ने युवती को नशे में धुत किया और फिर 2 दोस्तों के साथ मिलकर उससे दरिंदगी की।
पकड़े गए गैंगरेप मामले के दोनों आरोपी
एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत ने बताया, 'पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी मामा और ट्रक ड्राइवर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पीड़िता को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल भेजा गया है।'
(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, विश्वविद्यालय के क्लासरूम में छात्रा से गैंगरेप की कोशिश