1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, विश्वविद्यालय के क्लासरूम में छात्रा से गैंगरेप की कोशिश

कानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, विश्वविद्यालय के क्लासरूम में छात्रा से गैंगरेप की कोशिश

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Mar 31, 2026 09:17 pm IST,  Updated : Mar 31, 2026 09:18 pm IST

कानपुर के एक विश्वविद्यालय के क्लासरूम में छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता छात्रा ने कुलपति, कुलसचिव और पुलिस से मामले की शिकायत की है। इंटरनल कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

kanpur university rape attempt- India TV Hindi
सांकेतिक फोटो। Image Source : PEXELS/FREEPIK

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय के एक विभाग की छात्रा ने तीन साथी छात्रों पर क्लासरूम में छेड़छाड़ करने और सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना बीती 16 मार्च 2026 को हुई बताई जा रही है। पीड़िता ने तुरंत विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों से शिकायत की और थाने में भी लिखित तहरीर दे दी है। फिलहाल विश्वविद्यालय की इंटरनल कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि पुलिस भी एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पर विचार कर रही है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा ने अपनी शिकायत में विस्तार से बताया कि 16 मार्च को तीन छात्रों ने उसे क्लासरूम में खाना खाने के लिए बुलाया। शुरुआत में बात सामान्य लग रही थी, लेकिन जब क्लासरूम खाली मिला तो तीनों आरोपियों ने उसकी मर्यादा का उल्लंघन करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा के अनुसार, आरोपियों ने गैंगरेप की कोशिश की और जब वह चीखी-चिल्लाई तो जान से मारने की धमकी देने लगे। ठीक उसी समय क्लासरूम की ओर दो अन्य छात्र आते दिखाई दिए, जिससे घबराकर तीनों आरोपी भाग खड़े हुए। पीड़िता ने बताया कि इस घटना के बाद वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी है और गंभीर डिप्रेशन में चली गई है। जिसकी वजह से उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और वह लगातार डर के साए में जी रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता के पिता स्वयं एक विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े परिवार की बेटी को अपने ही विश्वविद्यालय परिसर में ऐसी घटना का सामना करना पड़ना जो कि बेहद दुखद और चिंताजनक है। छात्रा ने कुलपति और कुलसचिव को लिखित शिकायत सौंपी है, जिसमें उसने पूरे घटनाक्रम का ब्योरा दिया है। साथ ही स्थानीय थाने में भी तहरीर दर्ज कराई गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। CSJMU प्रबंधन ने फोन द्वारा वार्ता करने पर बताया कि पीड़ित छात्रा और कुछ अन्य छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई है। विश्वविद्यालय की इंटरनल कमेटी तुरंत सक्रिय हो गई है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है। कमेटी ने पहले ही कुछ छात्रों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर जांच में आरोप सही पाए गए तो विश्वविद्यालय सख्त कार्रवाई करेगा। पुलिस की ओर से भी एफआईआर दर्ज करने की बात कही जा रही है, ताकि कानूनी प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि वे पीड़िता को हर संभव मदद और सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं। साथ ही ऐसे मामलों को रोकने के लिए भविष्य में और सख्त दिशानिर्देश जारी किए जा सकते हैं। पीड़िता के पिता की प्रोफेसर होने की पृष्ठभूमि को देखते हुए शिक्षा जगत में भी इस घटना पर चर्चा तेज हो गई है। कई शिक्षाविदों ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर को छात्राओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाना हर संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मामले की जांच अभी जारी है। अगर आरोप सिद्ध होते हैं तो तीनों आरोपी छात्रों पर संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई हो सकती है, जिसमें दुष्कर्म के प्रयास, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी शामिल है। विश्वविद्यालय की इंटरनल कमेटी के अलावा पुलिस की जांच भी समानांतर रूप से चल रही है। पीड़िता की मानसिक स्थिति को देखते हुए काउंसलिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- जॉब इंटरव्यू के बहाने युवती के साथ होटल में लूट, आंखों में सफेद पाउडर डालकर गहने और कैश लेकर जालसाज फरार

इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर हुआ ऐसा विवाद, दिनदहाड़े दो पक्षों में चली गोली, अलीगढ़ में 2-3 राउंड की फायरिंग से हड़कंप-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।