1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जॉब इंटरव्यू के बहाने युवती के साथ होटल में लूट, आंखों में सफेद पाउडर डालकर गहने और कैश लेकर जालसाज फरार

जॉब इंटरव्यू के बहाने युवती के साथ होटल में लूट, आंखों में सफेद पाउडर डालकर गहने और कैश लेकर जालसाज फरार

 Published : Mar 31, 2026 08:29 pm IST,  Updated : Mar 31, 2026 08:39 pm IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर में जॉब इंटरव्यू के बहाने युवती के साथ होटल में लूट की वारदात सामने आई है। आरोपी युवती की आंखों में सफेद पाउडर डालकर ज्वेलरी और नगदी लेकर फरार हो गया।

kanpur job interview loot- India TV Hindi
कानपुर में युवती से लूट की वारदात। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के कानपुर में नौकरी की तलाश में आई एक युवती के साथ दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार कानपुर के श्याम नगर स्थित होटल मेरीगोल्ड इन में जॉब इंटरव्यू और पेपर चेक करने के नाम पर युवती को घंटों कमरे में रोके रखा गया। आरोप है कि आरोपी ने उसका ध्यान को भटकाने के लिए लगातार बातचीत की और फिर अचानक उसकी आंखों में सफेद रंग का पाउडर डाल दिया। युवती की आंखें जलने लगीं और वह कुछ देख नहीं पाई। इसी मौके का फायदा उठाकर जालसाज ने युवती की ज्वेलरी और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गया।

पीड़िता ने क्या बताया?

युवती ने बताया कि जैसे ही उसने होश संभाला, तो उसके द्वारा तुरंत होटल स्टाफ और पुलिस को घटना की सूचना दी गयी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना चकेरी पुलिस श्याम नगर चौकी इलाके स्थित होटल मेरी गोल्ड इन पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा भी मौके पर पहुंचीं और जांच की कमान संभाली।

पुलिस ने क्या बताया?

एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि होटल के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी स्पष्ट रूप से कैद हुआ है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की धरपकड़ में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि युवती की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है और मामले को गंभीरता से लिया गया है।

कैसे घटी घटना?

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती कानपुर में जॉब के लिए आई थी। उसने होटल मेरी गोल्ड इन में इंटरव्यू के लिए कमरा लिया। आरोपी ने खुद को इंटरव्यू लेने वाले अधिकारी के रूप में पेश किया और पेपर चेक करने के बहाने युवती को बंद कमरे में घंटों रोक रखा। वह लगातार बातें करता रहा ताकि युवती का ध्यान भटका रहे। जब युवती पूरी तरह से निश्चिंत हो गई, तब आरोपी ने अपनी चाल चली। आरोपी ने युवती को अपनी बातों में फंसाते-फंसाते अचानक युवती की आंखों में एक सफेद पाउडर झोंक दिया, जिससे युवती के आंखों के सामने पल भर में अंधेरा हो गया जिसके बाद युवती दर्द से तड़प उठी। इसी दौरान आरोपी ने उसकी ज्वेलरी और जो नकदी साथ थी, वह सब छीन लिया और फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में जालसाज दिखा

यह घटना थाना चकेरी क्षेत्र के श्याम नगर चौकी के अंतर्गत हुई है। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर लिया है और मामले में BNS की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा ने मीडिया को बाईट देते हुए कहा- “होटल के सीसीटीवी फुटेज में जालसाज साफ दिख रहा है। हमारी टीम फुटेज का विश्लेषण कर रही है और तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कानपुर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसी घटनाओं में हम शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हैं।”

होटल की लापरवाही भी सामने आई

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी होटल में पहले से ही रेकी कर चुका था और जॉब इंटरव्यू के नाम पर कई युवतियों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था। होटल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है, क्योंकि कमरे में अकेले में इंटरव्यू लेने की अनुमति कैसे दी गई, इसकी जांच भी की जा रही है। एडीसीपी अंजलि विश्वकर्मा की सक्रियता से पुलिस टीम तेजी से काम कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के अलावा होटल के रजिस्टर, मोबाइल नंबर और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर हुआ ऐसा विवाद, दिनदहाड़े दो पक्षों में चली गोली, अलीगढ़ में 2-3 राउंड की फायरिंग से हड़कंप-VIDEO

ससुराल वालों ने दामाद को पीट-पीटकर मार डाला, एक साल पहले की थी मुस्लिम लड़की से शादी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।