1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में बीच सड़क दबंगों का हंगामा, बाइक सवार को पीटा, पुलिसकर्मी को धमकी देते हुए कहा- ताऊ सांसद है हमारे

कानपुर में बीच सड़क दबंगों का हंगामा, बाइक सवार को पीटा, पुलिसकर्मी को धमकी देते हुए कहा- ताऊ सांसद है हमारे

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 29, 2026 09:58 am IST,  Updated : Jun 29, 2026 01:05 pm IST

कानपुर के ग्रीन पार्क चौराहे पर तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की।

Kanpur - India TV Hindi
कानपुर में सड़क पर दबंगों का हंगामा Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर की VIP रोड पर रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार एसयूवी में सवार कुछ युवकों ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि युवकों ने घायल को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने की भी कोशिश की। जब ट्रैफिक पुलिस ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने पुलिसकर्मी को भी धमकाना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फॉर्च्यूनर की बाइक से टक्कर के बाद हुआ विवाद

घटना ग्रीन पार्क चौराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, डीएवी कॉलेज की ओर से आ रही एक फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब युवक ने विरोध किया तो कार से उतरे लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद पीछे से आई दूसरी कार में सवार कुछ युवक भी वहां पहुंच गए और वे भी विवाद में शामिल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी घायल युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाना चाहते थे। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच में आकर युवक को बचाया। इस दौरान चौराहे पर काफी देर तक हंगामा होता रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने हालात बिगड़ते देख कंट्रोल रूम को वायरलेस पर सूचना दी और अतिरिक्त पुलिस फोर्स भेजने की मांग की। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है - सर, जल्दी फोर्स भेजिए। ये लोग मारपीट कर रहे हैं और युवक को गाड़ी में बैठाकर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।

आरोपियों ने अपने ताऊ को बताया सांसद

बताया जा रहा है कि जब पुलिसकर्मी घटना का वीडियो बनाने लगा तो आरोपी और भड़क गए। वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर पुलिसकर्मी को धमकाते हुए कहता है कि हमारे ताऊ सांसद हैं, बात कर लो, बहुत वीडियो बना रहे हो, नाम क्या है तुम्हारा? इसके बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ियों से वहां से निकल गए।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। DCP सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल वीडियो और ऑडियो की जांच की जा रही है। गाड़ियों के नंबर और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें:

लखनऊ: बीच सड़क पर शख्स ने महिला पर चाकू से किया हमला, सामने आया VIDEO; आरोपी फरार

लखनऊ के पत्रकारपुरम चौराहे के पास मारपीट और फायरिंग, एक युवक की पीठ में गोली लगी, मचा हड़कंप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।