कानपुर के घाटमपुर तहसील क्षेत्र में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक वर्दीधारी होमगार्ड चारपाई पर लेटे व्यक्ति के पैर दबाता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि चारपाई पर लेटा व्यक्ति घाटमपुर एसडीएम का ड्राइवर मनोज दुबे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिला होमगार्ड विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्राइवर मनोज और साथी होमगार्ड रजत को निलंबित कर दिया है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो करीब 4 महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन अब सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल होने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया।
चारपाई पर लेटा दिख रहा ड्राइवर
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति चारपाई पर अंडरगारमेंट्स में लेटा हुआ दिखाई देता है, जबकि उसके पास वर्दी पहना एक होमगार्ड बैठा नजर आ रहा है। वीडियो में होमगार्ड उसके पैर दबाता हुआ दिखाई देता है। वीडियो के वायरल होने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मामले को लेकर जब ड्राइवर मनोज दुबे से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि घटना के समय उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उनके मुताबिक, ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में दर्द उठा था। इसके बाद साथी होमगार्ड ने उनकी मदद की और उन्हें चारपाई पर लिटा दिया।
ड्राइवर ने बताई तबीयत बिगड़ने की वजह
मनोज दुबे के अनुसार, तबीयत खराब होने पर साथी होमगार्ड ने पहले उनका सिर दबाया। इसके बाद उसने हाथ-पैर रगड़ने शुरू किए और बाद में पैर दबाने लगा। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया। मनोज का कहना है कि यह वीडियो तत्काल वायरल नहीं हुआ, बल्कि करीब चार महीने बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। ड्राइवर ने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है और उस समय वह ड्यूटी पर नहीं थे।
एसडीएम ने भी मामले पर दी सफाई
घाटमपुर एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों व्यक्ति होमगार्ड हैं। उनके अनुसार, एक होमगार्ड की तबीयत खराब होने पर दूसरा उसकी मदद कर रहा था। एसडीएम ने यह भी बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहा ड्राइवर उस समय ड्यूटी पर नहीं था।
वीडियो वायरल होने के बाद विभाग ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिला होमगार्ड विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जिला होमगार्ड कमांडेंट प्रीती शर्मा ने बताया कि होमगार्ड मनोज और रजत को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान वीडियो की वास्तविकता, घटना की परिस्थितियों और उस समय दोनों होमगार्ड की ड्यूटी से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना वास्तव में किन परिस्थितियों में हुई थी और वायरल वीडियो को किस संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
चार महीने बाद वायरल वीडियो ने बढ़ाई हलचल
करीब चार महीने पुराने बताए जा रहे इस वीडियो के अब सोशल मीडिया पर वायरल होने से विभागीय स्तर पर भी हलचल बढ़ गई है। फिलहाल दोनों होमगार्ड के निलंबन के बाद जांच शुरू हो चुकी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
नोट: वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
नोएडा एयरपोर्ट के जलभराव के फर्जी वीडियो पर FIR, ‘Sach Bolo’ फेसबुक अकाउंट के खिलाफ केस, जानिए मामला