1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा एयरपोर्ट के जलभराव के फर्जी वीडियो पर FIR, ‘Sach Bolo’ फेसबुक अकाउंट के खिलाफ केस, जानिए मामला

नोएडा एयरपोर्ट के जलभराव के फर्जी वीडियो पर FIR, ‘Sach Bolo’ फेसबुक अकाउंट के खिलाफ केस, जानिए मामला

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 17, 2026 11:07 am IST,  Updated : Aug 17, 2026 11:25 am IST

सच बोलो फेसबुक अकाउंट के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद पुलिस की टीम ने जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की कोशिश की गई है।

नोएडा एयरपोर्ट- India TV Hindi
नोएडा एयरपोर्ट Image Source : PTI

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़े कथित फर्जी और भ्रामक वीडियो को लेकर जेवर पुलिस ने FIR दर्ज की है। यह मामला ‘Sach Bolo’ नाम के फेसबुक अकाउंट के खिलाफ दर्ज किया गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जलभराव की दिखाई गई थी स्थिति

बताया गया है कि 14 अगस्त को फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया गया था, जिसमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में जलभराव की स्थिति दिखाई गई थी। वीडियो के वायरल होने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन ने इसे गलत और भ्रामक बताया।

आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति

एयरपोर्ट के शिफ्ट इंचार्ज सिक्योरिटी मयंक कुमार ने इस संबंध में जेवर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कथित फर्जी वीडियो के जरिए यात्रियों और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। साथ ही, इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।

वायरल वीडियो पर पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत के आधार पर जेवर पुलिस ने ‘Sach Bolo’ फेसबुक अकाउंट और वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता, उसे अपलोड करने वाले अकाउंट और उसके पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामला थाना जेवर क्षेत्र का है।

वीडियो को बताया गया भ्रामक

नोएडा एयरपोर्ट परिसर में कथित जलभराव का वीडियो वायरल हुआ था। एयपोर्ट के प्रशासन ने इस वीडियो को भ्रामक बताया है। साथ ही कहा कि इससे  एयरपोर्ट की छवि और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। इसलिए आरोपियों के खिलाफ एक्शन लेना जरूरी है।

15 जून को यहां से पहली उड़ान

बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का Phase-1 उद्घाटन 28 मार्च 2026 को हुआ था, लेकिन नियमित कमर्शियल यात्री उड़ानें 15 जून 2026 से शुरू हुईं। पहली कमर्शियल फ्लाइट IndiGo की लखनऊ से आई थी और पहली उड़ान नोएडा से बेंगलुरु गई थी।

अभी कौन-कौन सी उड़ानें

एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार अभी IndiGo और Akasa Air एयरलाइंस उड़ानें भर रही हैं। यहां से बेंगलुरु, मुंबई, लखनऊ, अमृतसर, जम्मू, श्रीनगर, पंतनगर, चंडीगढ़, जयपुर, किशनगढ़, जोधपुर, भोपाल और बरेली के लिए कमर्शियल उड़ानें चल रही हैं।

ये भी पढ़ें: 

सीएम योगी की पाती, कहा- 'युवा शक्ति ही विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी, राष्ट्रनिर्माण में निभाएं भूमिका'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।