Kanpur Fire Video: उत्तर प्रदेश में कानपुर शहर के पॉश मार्केट में शुमार कही जाने वाली सीसामऊ बाजार स्थित दीप गारमेंट्स नामक कपड़े की दुकान में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ये आग की लपटें विकराल होने लगीं, जिससे आसपास की गारमेंट्स शॉप में भी आग की लपटें धीरे-धीरे बढ़ने लगीं। ऐसे में घबराकर सभी दुकानदारों ने अपनी-अपनी शॉप के बाहर से माल निकलना शुरू कर दिया ताकि हादसा बड़ा रूप ना ले ले। इसके बाद दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई।
दुकान में रखें कपड़ों में तेजी से फैली आग
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। प्रथम दृष्टया आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान में तेजी से आग फैल गई, जिससे ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोका जा सका।
आग से हो गया दुकानदारों का नुकसान
मौके पर एसीपी सीसामऊ, थाना प्रभारी सीसामऊ और प्रभारी निरीक्षक बजरिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरी कदम उठाए और दुकान मालिक व आसपास के लोगों से बातचीत की। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ना तो कोई घायल हुआ और ना ही किसी की जान गई। दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन सटीक नुकसान की गणना अभी की जा रही है।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है आग का कारण
पुलिस और फायर अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं। शॉर्ट सर्किट के अलावा अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रिसिटी सिस्टम की लापरवाही या पुरानी वायरिंग की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। जान लें कि कानपुर में पिछले कुछ समय से छोटी-मोटी आग की घटनाएं होती रही हैं, जिसके चलते प्रशासन ने दुकानदारों को विद्युत सुरक्षा और फायर सेफ्टी उपकरणों के इस्तेमाल की सलाह दी है।
आग लगने के समय शॉप पर नहीं थे दुकान मालिक
घटना के बाद दुकान मालिक ने बताया कि वे आग लगने के समय दुकान पर नहीं थे। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड की मदद से आग बुझाई गई। उन्होंने नुकसान का आकलन करने के बाद बीमा कंपनी से संपर्क करने की बात कही।
स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि ऐसे हादसों से व्यापार को भारी नुकसान होता है। उन्होंने प्रशासन से बाजार क्षेत्रों में नियमित फायर ऑडिट कराने और पुरानी इमारतों में विद्युत वायरिंग को अपग्रेड करने की मांग की है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है और फिलहाल कोई खतरा नहीं बचा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
(इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)