उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली एक बेहद शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां के अरौल थाना क्षेत्र के एक गांव में एक रसूखदार समाजवादी पार्टी (सपा) के स्थानीय नेता पर 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत और जबरदस्ती करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर आरोपी नेता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग लड़की हमेशा की तरह अपने खेतों में पशुओं के लिए हरा चारा लेने गई थी। खेत में उसे अकेला पाकर गांव के ही रसूखदार सपा नेता की नीयत बिगड़ गई। आरोपी ने पहले तो लड़की को बहलाने-फुसलाने की कोशिश की और उसे ₹100 का लालच देकर अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की। जब स्वाभिमानी नाबालिग ने पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी नेता आगबबूला हो गया। पैसे ठुकराए जाने से बौखलाए नेता ने जबरन पीड़िता का हाथ पकड़ लिया और उसे खींचकर खेत में गिरा दिया। वह लड़की के साथ दरिंदगी की नीयत से आगे बढ़ा, लेकिन पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही।
परिजनों ने आरोपी नेता के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत
डरी हुई हालत में घर पहुंची पीड़िता ने अपनी मां को रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई। इस खौफनाक घटना के बाद से पीड़िता का पूरा परिवार गहरे सदमे में है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने तुरंत अरौल थाने पहुंचकर आरोपी नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। इस घटना ने प्रदेश में चल रहे 'नारी शक्ति' और 'मिशन शक्ति' जैसे सरकारी अभियानों की जमीनी हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या पुलिस लेगी एक्शन?
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब बेटियां दिन-दहाड़े अपने ही खेतों में सुरक्षित नहीं हैं, तो इन अभियानों का क्या औचित्य है? फिलहाल, सबकी नजरें कानपुर पुलिस पर टिकी हैं कि क्या वह बिना किसी राजनीतिक दबाव के इस पॉक्सो (POCSO) एक्ट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रसूखदार को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजेगी। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कागजी अभियानों से जमीनी हकीकत नहीं बदलती।
कानपूर से ज्ञानेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बहराइच में तेंदुए का आतंक, 8 लोगों को किया घायल; वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
चलती बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, मौके पर हुई मौत, सवारियों ने अपनी सूझबूझ से बचाई जान