उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में पुलिस का कथित बर्बर रवैया एक बार फिर सुर्खियों में है। किदवई नगर थाना क्षेत्र की किदवई नगर चौकी पर ओवरस्पीडिंग के आरोप में रोके गए बाइक सवार छात्र पर चौकी प्रभारी ने थप्पड़ों, लातों और गाली-गलौज की बौछार कर दी। छात्रों ने अपनी गलती मानने की कोशिश की, लेकिन चौकी प्रभारी अमित विक्रम त्रिपाठी और उनके साथी सिपाहियों ने उन्हें खुलेआम पीट दिया। पूरा मामला चौकी के बाहर का है, जहां कानून का पाठ पढ़ाने वाले पुलिसकर्मी खुद बेलगाम हो गए। आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
ओवरस्पीडिंग पर बाइक जब्त, फिर शुरू हुई पिटाई
जानकारी के मुताबिक, किदवई नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार से बाइक चला रहे एक छात्र को चौकी प्रभारी ने रोका और बाइक को कब्जे में ले लिया। छात्र ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और गलती पूछने का प्रयास किया, लेकिन इसके जवाब में चौकी प्रभारी अमित विक्रम त्रिपाठी और उनके साथी सिपाहियों ने गालियों की झड़ी लगा दी। गाली-गलौज के साथ-साथ छात्र पर थप्पड़ बरसाए गए और लातों से पिटाई की गई। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने छात्र को बेहोश करने की धमकी भी दी।
चौकी के बाहर खुलेआम बर्बरता, छात्रों को घुटने टेकने पड़े
घटना चौकी के बाहर हुई, जहां छात्रों को जमकर पीटा गया। एक छात्र ने बताया कि उन्होंने अपनी गलती मान ली, लेकिन चौकी प्रभारी नहीं माने। उन्होंने कहा, 'मैं किसी से नहीं डरता।' पीड़ित छात्रों को अंततः अपनी गलती दोहरानी पड़ी, जिसके बाद ही उन्हें छोड़ा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना पुलिस की मनमानी को उजागर करती है, जहां छोटी-मोटी गलती पर भी युवाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
आरोपी दरोगा लाइन हाजिर
किदवई नगर चौकी में तैनात दरोगा को इस शर्मनाक कृत्य के बाद डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के आदेश के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच एसीपी बाबूपुरवा को सौंपी गई है। पीड़ित छात्रों के परिजन लाइन हाजिर की कार्यवाही से संतुष्ट नहीं है। वे अब उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में हैं। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव