1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यमुना में मिली डॉल्फिन, काटकर खा गए मछुआरे, VIDEO सामने आने के बाद मचा हड़कंप; केस दर्ज

यमुना में मिली डॉल्फिन, काटकर खा गए मछुआरे, VIDEO सामने आने के बाद मचा हड़कंप; केस दर्ज

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 25, 2023 12:35 pm IST,  Updated : Jul 25, 2023 01:47 pm IST

यूपी के कौशांबी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां यमुना नदी से डॉल्फिन मछली मिली है, जिसे मछुआरे काटकर खा गए। डॉल्फिन का शिकार कर ले जाने का वीडियो भी सामने आया है।

मछुआरों को मिली डॉल्फिन- India TV Hindi
मछुआरों को मिली डॉल्फिन

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में यमुना नदी से डॉल्फिन मछली का शिकार कर काटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डॉल्फिन का शिकार कर ले जाने का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। डिप्टी रेंजर ने जांच के बाद इस मामले में पांच मछुआरों के खिलाफ पिपरी थाने में तहरीर दी है। 

केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू

पुलिस ने इस मामले में भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घटना जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव की है। डिप्टी रेंजर रवींद्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर डॉल्फिन मछली का शिकार कर ले जाते वीडियो वायरल हुआ। जिस पर वन विभाग के अधिकारियों ने वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि शिकार करने वाले मछुआरे पिपरी थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव के रहने वाले हैं। घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है। 

नदी में मछली का शिकार करने गया था शख्स

जांच में यह बात सामने आई कि रंजीत पासी साथियों के साथ 22 जुलाई को यमुना नदी में मछली का शिकार करने गया था। शिकार करते समय उसकी जाल में लगभग 90 किलो की डॉल्फिन मछली फंस गई, जिसके बाद शिकारी डॉल्फिन मछली को लेकर गांव पहुंचे और उसे कई टुकड़ो में काटकर आपस में बांटकर उसका सेवन कर लिए। इस मामले में आरोपी रंजीत पासी, संजय, दीवान, बाबा जी और गेंदलाल के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। 

- विवेक पांडेय की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।