1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Lok Sabha Elections 2024: 'आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला', अमरोहा की सभा में बोले पीएम मोदी

Lok Sabha Elections 2024: 'आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला', अमरोहा की सभा में बोले पीएम मोदी

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Apr 19, 2024 11:27 am IST,  Updated : Apr 19, 2024 11:27 am IST

Lok Sabha Elections 2024: पीएम मोदी ने कहा-अमरोहा केवल ढोलक ही नहीं, देश का डंका भी बजाता है। क्रिकेट वर्ल्ड कप में भाई मोहम्मद शामी ने जो कमाल किया, वो पूरी दुनिया ने देखा है।

Amroha, pm modi, rally- India TV Hindi
अमरोहा में जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी Image Source : ANI

अमरोहा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमरोहा की जनसभा में कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। इस चुनाव में आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला है। वहीं उन्होंने कांग्रेस, सपा समेत अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। पीएम मोदी ने गन्ना किसानों को लेकर भी योगी सरकार के काम की तारीफ की।

देश के भविष्य का चुनाव 

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "2024 का लोकसभा चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। इस चुनाव में आप का एक एक वोट भारत के भाग्य को सुनिश्चित करने वाला है। भाजपा गांव, गरीब के लिए बड़े विजन और बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ रही है। लेकिन INDI गठबंधन के लोगों की सारी शक्ति गांव, देहात को पिछड़ा बनाने में लगती है। इस मानसिकता का सबसे बड़ा नुकसान अमरोहा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जैसे क्षेत्रों को उठाना पड़ा है।"

योगी जी ने गन्ना किसानों की चिंता की

PM नरेंद्र मोदी ने कहा, "योगी जी ने गन्ना किसानों की चिंता की। अमरोहा के गन्ना किसान कभी नहीं भूल सकते कि पहले उन्हें भुगतान के लिए कितना परेशान किया जाता था। लेकिन आज प्रदेश में गन्ने की रिकॉर्ड खरीद के साथ ही रिकॉर्ड भुगतान हो रहा है। जब सपा की सरकार थी, तो अमरोहा के गन्ना किसानों को साल में औसतन सिर्फ 500 करोड़ रुपये का भुगतान होता था। जबकि योगी जी की सरकार में  यहां हर साल करीब 1.5 हजार करोड़ रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को हुआ है।"

पहले किसानों की समस्याओं को नहीं सुना जाता था

पीएम मोदी ने कहा, "...कांग्रेस, सपा, बसपा सरकारों में यहां किसानों की समस्याओं को न सुना जाता था, न देखा जाता था और न ही उनकी परवाह की जाती थी। लेकिन भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं को कम करने के लिए दिन रात काम कर रही है...यूरिया की बोरी अमेरिका में 3 हजार में मिलती है वही यूरिया हम भारत में किसानों को 300 रुपए से भी कम कीमत में देते हैं।"

सामाजिक न्याय के नाम पर धोखा

नरेंद्र मोदी ने कहा, "हमारे देश में पहले की सरकारें सामाजिक न्याय के नाम पर SC/ST और OBC को सिर्फ धोखा ही देती रही। जो सपना ज्योतिबा फुले, बाबा साहेब अंबेडकर, चौधरी चरण सिंह जी का था... सामाजिक न्याय का वो सपना अब मोदी पूरा कर रहा है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।