1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कार्यकर्ताओं को थाने में जबरन बंद किया, कई बूथों पर EVM खराब... पीलीभीत में सपा ने लगाई शिकायतों की झड़ी

कार्यकर्ताओं को थाने में जबरन बंद किया, कई बूथों पर EVM खराब... पीलीभीत में सपा ने लगाई शिकायतों की झड़ी

 Published : Apr 19, 2024 12:02 pm IST,  Updated : Apr 19, 2024 12:02 pm IST

पीलीभीत लोकसभा में समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों ने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया है। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनको थाने में जबरन बंद किया गया है, जिससे मतदान प्रभावित हो रहा है।

voters- India TV Hindi
वोट डालने पहुंचे मतदाता Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए यूपी में 8 सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने जीत का दावा किया है। वहीं सपा ने शिकायतों की झड़ी लगाई है। पहले चरण का मतदान पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर एवं नगीना लोकसभा क्षेत्र के सभी पोलिंग बूथों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है। आदर्श पोलिंग बूथों को गुब्बारों और कालीन बिछाकर सजाया गया है। सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं, जिसमें युवा मतदाता वोट डालने के बाद सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने कहा है कि पीलीभीत से उनकी ऐतिहासिक जीत होगी, यहां कमल खिलेगा। 10 सालों के काम के दम पर हमें लोगों का आशीर्वाद मिल रहा है। नए भारत का निर्माण हो रहा है। आने वाले समय में जो काम चल रहे हैं, उन्हे और तीव्रता दी जाएगी। जनता का हमें अपार समर्थन मिल रहा है।

प्रशासन पर बूथ एजेंटों को परेशान करने का आरोप

उधर, समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच से शिकायतों की झड़ी लगा रखी है। पीलीभीत लोकसभा में समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों ने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया है। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनको थाने में जबरन बंद किया गया है, जिससे मतदान प्रभावित हो रहा है। चुनाव आयोग इसका संज्ञान ले। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।

'मतदान करने से रोक रहे पीठासीन अधिकारी'

सपा ने आरोप लगाया है कि कैराना लोकसभा की बूथ संख्या 94 पर मतदाताओं को मतदान करने से पीठासीन अधिकारी रोक रहे हैं। कैराना नगर इस्लामिया इंटर कॉलेज में धीमी गति से मतदान चल रहा है। रामपुर लोकसभा की बूथ संख्या 164 पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना आई है। सहारनपुर लोकसभा के नकुड़ के सरूरपुर तगा में बूथ संख्या 227 पर भी ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना है।

सपा के पीलीभीत से प्रत्याशी भागवत शरण गंगवार का कहना है कि यहां चुनाव भाजपा और जनता के बीच है। सपा सरकार में किए गए कार्यों पर लोगों को भरोसा है। यहां हम भारी मतों से जीतेंगे।

वरुण गांधी का टिकट काटकर जितिन प्रसाद को बनाया उम्मीदवार

भाजपा ने पीलीभीत के मौजूदा सांसद वरुण गांधी के बजाय इस बार जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। खुद को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'दूत' बताकर प्रचार कर रहे प्रसाद 'मोदी लहर' के सहारे अपनी चुनावी नैया पार लगाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रसाद उत्तर प्रदेश के उन दो कैबिनेट मंत्रियों में से हैं जिन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए टिकट मिला है। उनके अलावा राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि को हाथरस से भाजपा का उम्मीदवार बनाया गया है। तराई क्षेत्र की पीलीभीत सीट पर वर्ष 1996 से वरुण गांधी या उनकी मां मेनका गांधी का कब्जा रहा है। वरुण का टिकट काटकर भाजपा उम्मीदवार बनाए गए जितिन प्रसाद का चुनाव प्रचार अभियान पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए कार्यों और 'विकसित भारत' के उनके दृष्टिकोण पर केंद्रित लगता है।

यह भी पढ़ें-

सुप्रिया सुले ने प्रतिद्वंदी भाभी सुनेत्रा पवार से ले रखा है इतने लाख का लोन, बारामती में आमने-सामने

चुनाव FlashBack: अफवाह के कारण जीता हुआ चुनाव हार गए थे अटल बिहारी वाजपेयी, पढ़ें पूरा किस्सा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।