1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अमेठी में अपने प्रत्याशी घोषित क्यों नहीं कर रही कांग्रेस, स्मृति ईरानी ने दिया जवाब

अमेठी में अपने प्रत्याशी घोषित क्यों नहीं कर रही कांग्रेस, स्मृति ईरानी ने दिया जवाब

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 11, 2024 04:22 pm IST,  Updated : Apr 11, 2024 04:22 pm IST

भाजपा ने अमेठी लोकसभा सीट से फिर से स्मृित ईरानी पर अपना दाव खेला है। लेकिन कांग्रेस ने अब तक अमेठी में अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। इस बाबत स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है।

Loksabha election 2024 Smriti Irani remark on congress said Why is Congress not declaring its candid- India TV Hindi
स्मृति ईरानी ने अमेठी की जनता से मांगा समर्थन Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सत्ताधारी दल हो या फिर विपक्षी दल दोनों ही चुनावी रैलियां करने में जुटी हुई हैं। भाजपा नीत एनडीए गठबंधन की तरफ से लगभग अधिकांश उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा चुकी है। वहीं इंडी गठबंधन की तरफ से भी अधिकांश उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी गई है। हालांकि कुछ सीटों पर अब भी विवाद फंसा हुआ है। ऐसी ही एक सीट है अमेठी लोकसभा की सीट। दरअसल इस सीट से वर्तमान में स्मृति ईरानी भाजपा की सांसद हैं। लेकिन कांग्रेस की तरफ से इस सीट पर अबतक उम्मीदवार नहीं उतारा गया है। इस बाबत अब स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। 

Related Stories

स्मृति ईरानी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने इस क्षेत्र में कांग्रेस की राजनीति देखी है। आप सभी ने गंभीर परिस्थितियों के दौरान कांग्रेस को गायब होते देखा है। जब कोविड आया, तो कांग्रेस पार्टी का कोई भी व्यक्ति लोगों के बीच नहीं देखा गया। कांग्रेस की तरफ से अमेठी लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की घोषणा में देरी को लेकर उन्होंने कहा कि इससे संकेत मिलता है कि अब कांग्रेस पार्टी जानती है कि अमेठी की जनता इस बार फिर से कमल का फूल खिलाने का निर्णय ले चुकी है। इसके पीछे का कार ये है कि अगर कांग्रेस पार्टी का 50 साल और राहुल गांधी के 15 साल बनाम भाजपा सांसद के पांच साल को देखें तो जमीन और आसमान का फर्क पता चल जाएगा।

अमेठी की जनता से स्मृति ईरानी ने मांगा समर्थन

दरअसल न्यूज एजेंसी पीटीआई ने स्मृति ईरानी के भाषण का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वो कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर निशाना साधते दिख रही है। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि जब कोरोना महामारी की चुनौती आई तो गांधी परिवार का एक भी सदस्य अमेठी में नहीं दिखा। आपकी सांसद (स्मृति ईरानी) गांव-गांव गई, इस बात को कोई भी झुठला नहीं सकता है। लोगों से वोट मांगते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं यहां जाति के आधार पर नहीं बल्कि एक कर्तव्यनिष्ठ नागरिक के रूप में आपका समर्थन मांग रही हूं। बता दें कि भाजपा ने स्मृति ईरानी को फिर से अमेठी से अपने लोकसभा उम्मीदवार बनाया है। हालांकि कांग्रेस की तरफ से अबतक इस सीट पर उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।