गोरखपुरः गोरखपुर में एक सिरफिरे युवक ने दिनदहाड़े घर में घुसकर दो सगी बहनों को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से तीनों की हालत गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए तीनों को मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। पूरा मामला गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र का है। आरोपी में दोपहर 1:35 की आसपास वारदात को दिया।ट
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात अमन यादव की दो बहनों को सिरफिरे ने घर में घुसकर गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी सिटी और कैंट पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से तीनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
आरोपी है पीड़िता के दूर का रिश्वेदार
मनदीप यादव नाम का आरोपी दूर के रिश्ते में पीड़िता का मौसेरा भाई बताया जा रहा है। आरोपी आजमगढ़ का रहने वाला है। आरोपी ने दोनों बहनों को गोली क्यों मारी, यह तो तीनों के होश आने के बाद पता चलेगा। कुछ लोग इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं।
लड़की की हाल में ही तय हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, अमन के बड़ी बहन की कुछ दिन पहले ही दूसरी जगह मंगनी हो गई थी। संदेह है कि आरोपी दूसरे जगह शादी तय होने से नाराज था। आरोपी ने दोनों बहनों को पेट और सीने में गोली मारी है। आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। तीनों की हालत गंभीर है।
पीड़ित परिवार के संपर्क में पहले से था आरोपी
एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि ये लड़का पहले भी यहां आ चुका है। इसका इस घर से पहले भी संपर्क था। उसके द्वारा ही आज यहां पर आकर घटना को अंजाम दिया गया है।घटनास्थल का निरीक्षण अधिकारियों, फोरेंसिक टीम और डीएम के साथ खुद मैंने किया है। मौके से सारे साक्ष्यों का संकलन किया गया है। मौके से असलहा भी बरामद हुआ है। इस घटना से जुड़े सारे तथ्यों की जांच की जा रही है। परिजनों से घटना के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की जा रही है।
रिपोर्ट- राज श्रीवास्तव, गोरखपुर