1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दामाद ने सास की हत्या कर भूसे के बोरे में जलाया शव, राख में मिली हड्डियां और तीन कंगन

दामाद ने सास की हत्या कर भूसे के बोरे में जलाया शव, राख में मिली हड्डियां और तीन कंगन

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 07, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 11:50 pm IST

यूपी के पीलीभीत जिले में एक शख्स ने सास की हत्या कर शव को भूसे के बोरे में जला दिया। सास के तीन कंगन और हड्डियां राख से बरामद की गई हैं। फिलहाल शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं।

राख में मिली हड्डियां और कंगन।- India TV Hindi
राख में मिली हड्डियां और कंगन। Image Source : REPORTER INPUT

पीलीभीत: जिले के अमरिया थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के जिठनियां गांव में एक शख्स ने अपनी 65 वर्षीय सास की हत्या कर शव को भूसे के बोरे में जला दिया। मृतक महिला के बेटे ने अपने जीजा पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौके से मिले अस्थि अवशेषों की पहचान के लिए डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।

तीन बेटों में से एक ही हो गई है मौत

पुलिस के अनुसार, जिठनियां निवासी सुरेश ने थाना अमरिया में तहरीर दी। तहरीर में उसने बताया कि उसकी मां मोहन देई के पति नत्थू लाल का 6 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। परिवार में तीन बेटे थे, जिनमें सबसे छोटे बेटे की करीब डेढ़ वर्ष पहले पानी में डूबने से मौत हो गई थी। सुरेश अलग रहता है, जबकि उसका भाई माखन लाल मां के साथ रहता था। वह मजदूरी के सिलसिले में अक्सर अपने जीजा महेंद्र निवासी हरहरपुर धुरा, थाना अमरिया के यहां चला जाता था।

राख से मिली हड्डियां और कंगन

तहरीर में बताया गया कि 31 जुलाई को गांव के ही नन्ने लाल के भूसे के बोरे में आग लग गई थी। इस मामले में नन्ने लाल ने एक अगस्त को महेंद्र के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने उसकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। इसी दौरान जब माखन लाल घर लौटा तो उसकी मां घर पर नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर उसे संदेह हुआ। उसने जले हुए भूसे के ढेर में खोजबीन की, जहां राख से हड्डियां और हाथ के तीन कंगन बरामद हुए। 

बेटे ने जीजा पर लगाया हत्या का आरोप

परिजनों ने कंगनों के आधार पर मोहन देई की हत्या की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्थि अवशेष और कंगन कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं डीएनए जांच के लिए भेज दिए। बड़े बेटे सुरेश ने आरोप लगाया कि उसके जीजा महेंद्र ने उसकी मां की हत्या कर शव को भूसे के बोरे में जलाकर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

जांच में जुटी पुलिस

सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि घटनास्थल से मिले अस्थि अवशेषों को डीएनए परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद अवशेष किसके हैं और मौत का वास्तविक कारण क्या है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। (इनपुट- कुलदीप कल्प)

यह भी पढ़ें-

कुरुक्षेत्र में बंदूक की नोक पर 3.15 करोड़ की लूट, मार्च में भी की थी डकैती; धमकी देकर फरार हुए आरोपी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।