उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के कौशाम्बी थाना क्षेत्र के भोवापुर गांव में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक करीब 15 साल की किशोरी को एक युवक ने चौथी मंजिल से नीचे सड़क पर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल किशोरी ने अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच की जा रही है। पूरे इलाके में ये घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
पीड़ित किशोरी की मां ने दर्ज कराई एफआईआर
पीड़िता की मां मंजू की और से थाना कौशाम्बी पर दर्ज कराई गई FIR के अनुसार। यह घटना बुधवार यानी 15 जुलाई 2026 रात करीब 10 बजे की है। भोवापुर में पिछले 10 साल से सपरिवार किराये पर रह रही मंजू ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री खुशी रात के समय दुकान से दूध लेने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि पड़ोस में ही किराये पर रहने वाले शहनवाज उर्फ शानू ने किशोरी को रास्ते में ही दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुछ दिन पहले भी किशोरी को थप्पड़ मारा था। आरोपी शहनवाज मूल से पूजा कॉलोनी, लोनी का रहने वाला है।
इलाज के दौरान अस्पताल में किशोरी की गई जान
जानकारी मिली है कि बुधवार रात आरोपी उसे जबरन पकड़कर चौथी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में ले गया और वहां से सीधे नीचे सड़क पर फेंक दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय लोग तुरंत लहूलुहान हालत में किशोरी को पास के मीनाक्षी अस्पताल ले गए। हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। गुरुवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, की जा रही है जांच
कौशाम्बी पुलिस ने पीड़िता की मां की लिखित तहरीर पर कार्रवाई करते हुए आरोपी शाहनवाज उर्फ शानू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। शाहनवाज के खिलाफ पुलिस ने पहले कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन गुरुवार को किशोरी की मौत के बाद अब इसको हत्या की धारा में तरमीम कर दिया गया है।
गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें