1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मनोज कुमार सिंह होंगे यूपी के नए मुख्य सचिव, दुर्गा शंकर मिश्रा की लेंगे जगह

मनोज कुमार सिंह होंगे यूपी के नए मुख्य सचिव, दुर्गा शंकर मिश्रा की लेंगे जगह

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jun 30, 2024 01:12 pm IST,  Updated : Jun 30, 2024 01:49 pm IST

यूपी के मौजूदा मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा की जगह मनोज कुमार सिंह अब प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। मनोज कुमार सिंह 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।

मनोज कुमार सिंह, आईएएस...- India TV Hindi
मनोज कुमार सिंह, आईएएस अधिकारी Image Source : TWITTER

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश सरकार ने सीनियर आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह को राज्य का नए मुख्य सचिव नियुक्त किया है। मनोज कुमार 1988 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। बता दें कि यूपी के मौजूदा मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा का  कार्यकाल खत्म हो रहा है। दुर्गा शंकर मिश्रा को तीन बार सेवा विस्तार मिल चुका है। अब उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिला है और आज वह रिटायर हो रहे हैं। उनकी जगह मनोज कुमार सिंह मुख्य सचिव का कार्य संभालेंगे।

सीएम योगी के भरोसेमंद अधिकारी 

बता दें कि मनोज कुमार सिंह सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारी माने जाते हैं। वे पिछले काफी समय से कृषि उत्पादन आयुक्त और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा रहे थे। मनोज कुमार सिंह पूर्व में ललितपुर, गौतमबुद्धनगर, पीलीभीत और मुरादाबाद के जिलाधिकारी रह चुके हैं। ग्राम विकास आयुक्त की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी उन्होंने निभाई है।

तीन बार मिल चुका है सेवा विस्तार

गौरतलब है कि दिसंबर 2021 में दुर्गा शंकर मिश्रा को रिटायर होने से ठीक पहले सेवा विस्तार दिया गया था। इसके बाद 2022 और दिसंबर 2023 में तीसरी बार उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था। दिसंबर 2023 में उनका कार्यकाल खत्म हो रहा था लेकिन चुनावों के चलते उन्हें 6 महीने का सेवा विस्तार मिला था। अब चौथी बार उन्हें सेवा विस्तार नहीं दिया गया है।

मूल रूप से बिहार के रहनेवाले हैं मनोज कुमार सिंह

1988 बैच के आईएएस अधिकारी मनोज कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के रहनेवाले हैं। मौजूदा समय में कई अहम विभागों की जिम्मेदारियां उनके पास हैं। राज्य की कई योजनाओं को जमीन पर उतारने में उनकी अहम भूमिका रही है। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अच्छे कामों के चलते इन्हें कई बार सम्मानित किया जा चुका है।

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।