1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में दो अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग, दुकानदार जिंदा जला; कई दुकानें और घर जलकर खाक

कानपुर में दो अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग, दुकानदार जिंदा जला; कई दुकानें और घर जलकर खाक

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 25, 2026 08:56 am IST,  Updated : Apr 25, 2026 09:02 am IST

कानपुर में ईदगाह चौराहे के पास कार गैराज में शार्टसर्किट से भीषण आग लग गई। गैराज की आग ने आसपास की दुकानें और मकानों को भी चपेट में ले लिया। मामला बजरिया थाना क्षेत्र का है।

गैराज में लगी भीषण आग- India TV Hindi
गैराज में लगी भीषण आग Image Source : REPORTER

कानपुर में घाटमपुर के दीना मार्केट में एक भीषण हादसा हो गया, यहां पर शॉर्ट सर्किट के चलते तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। सुबह के समय बाजार खुल ही रहा था कि स्थानीय लोगों ने एक दुकान से धुआं उठते देखा। लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि तीनों दुकानें एक ही परिवार के भाइयों की थीं, जिससे नुकसान और भी अधिक हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर मौजूद एक युवक बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही है, जबकि पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा है। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।  

गैराज में लगी आग ने कई दुकानों और घरों को चपेट में लिया

वहीं, कानपुर से एक और दहला देने वाली खबर सामने आई है। थाना बजरिया अंतर्गत बड़ी ईदगाह के पास स्थित एक कार गैराज में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया। घटना कानपुर के घनी आबादी वाले इलाके बजरिया की है। यहां एक कार गैराज और एक्सेसरीज की दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। 

यहां देखें वीडियो

30 मीटर तक उठी आग की लपटें

इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, गैराज में रखे इंजन ऑयल और हाइड्रोजन सिलेंडरों ने आग पकड़ ली। सिलेंडरों में हुए जोरदार धमाकों से पूरा इलाका थर्रा उठा। विस्फोट इतना भयानक था कि आग की लपटें करीब 30 मीटर ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे आसपास के दो और गैराज और पास बनी बस्ती के चार मकान आग की भेंट चढ़ गए।


इस अग्निकांड ने भारी तबाही मचाई है। गैराज के अंदर मरम्मत के लिए खड़ी 6 कारें पूरी तरह जलकर लोहे का ढांचा बन चुकी हैं। वहीं, बगल में स्थित चार घरों में रहने वाले परिवारों की पूरी गृहस्थी, जीवन भर की जमा पूंजी और सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि इस तांडव के बीच अब तक किसी भी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आर्थिक रूप से चार परिवार सड़क पर आ गए हैं।

यहां देखें वीडियो

पीड़ितों से सपा नेता ने की मुलाकात

सूचना पर क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक ने आश्वासन दिया कि वह इस तबाही के संबंध में जिलाधिकारी (DM) कानपुर से मुलाकात करेंगे और शासन की ओर से उचित मुआवजे की मांग करेंगे। 

रिपोर्ट- ज्ञानेंद्र शुक्ला, कानपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।