1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दरोगा साहब ही करने लगे अवैध वसूली, पुलिस ने पकड़ा; उनके 2 साथियों पर घोषित किया 25-25 हजार का इनाम

दरोगा साहब ही करने लगे अवैध वसूली, पुलिस ने पकड़ा; उनके 2 साथियों पर घोषित किया 25-25 हजार का इनाम

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 12, 2026 11:59 pm IST,  Updated : Jun 13, 2026 12:03 am IST

मथुरा में अवैध वसूली और पार्किंग संचालन के आरोप में सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके फरार दो सहयोगियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।

Mathura police case- India TV Hindi
मथुरा में दरोगा ही गिरफ्तार हो गए। Image Source : REPORTERS INPUT

Mathura Police Case: उत्तर प्रदेश के मथुरा में थाना जैत क्षेत्र की छटीकरा चौकी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर शशांक कौशिक को स्थानीय दुकानदारों से अवैध वसूली और अवैध पार्किंग संचालन के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने यह सख्त कार्रवाई की है।

दुकानदारों से अवैध वसूली कर रहा था सब-इंस्पेक्टर

मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों की तरफ से की गई शिकायतों के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर शशांक कौशिक ने कथित रूप से अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित करने के लिए अलीगढ़ से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दो व्यक्तियों को बुलाया था। इनकी पहचान रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी के रूप में हुई है।

कोर्ट ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को भेजा जेल

आरोप है कि दोनों व्यक्ति दुकानदारों और व्यापारियों पर दबाव बनाकर नियमित रूप से धन उगाही करते थे। शिकायतों के सत्यापन और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद वादी की तहरीर पर थाना जैत में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

साथी दो बदमाशों पर 25 हजार का इनाम घोषित

वहीं, मामले में नामजद दोनों आरोपी रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी तलाश में विशेष पुलिस टीमों को लगाया गया है।

पुलिस विभाग ने दी कठोर कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के लिए किसी भी स्तर पर कोई स्थान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(इनपुट- विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें- 'उस्मान' ने बुलडोजर पर चढ़कर निकाली बारात, सिगरेट भी फूंकता नजर आया, VIDEO वायरल हुआ तो पुलिस ने लिया एक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।