1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मामा ने घर आई भांजी की कर दी हत्या, उपले के ढेर में जलाई लाश... अंदर तक झकझोर देगी मेरठ की ये क्राइम स्टोरी

मामा ने घर आई भांजी की कर दी हत्या, उपले के ढेर में जलाई लाश... अंदर तक झकझोर देगी मेरठ की ये क्राइम स्टोरी

 Published : Feb 06, 2024 05:38 pm IST,  Updated : Feb 06, 2024 05:45 pm IST

युवती के पिता एक दिन पहले उसे मामा के पास छोड़कर गए थे। मामा से पुलिस ने पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि युवती कुछ दिनों पहले एक युवक के साथ सुबह चली गई थी और शाम को वापस आई थी। इसके बाद उसकी मां को भी उसके प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी।

meerut girl murder- India TV Hindi
मृतका टीशा की फाइल फोटो Image Source : FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सगे मामा ने अपनी भांजी के प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद गुनाह छिपाने के लिए युवती के शव को उपले के ढेर में रखकर जला दिया। पूछताछ के दौरान मामा ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

मामला मेरठ जिले के भावनपुर थाना क्षेत्र छिलौरा गांव का है। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि सोमवार सुबह छिलौरा के ग्राम प्रधान मनीष कुमार ने गांव के पास औरंगाबाद के लिए जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक अज्ञात युवती का अधजला शव मिलने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि बाद में जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र के मऊखास निवासी प्रमोद कुमार ने शव की पहचान अपनी 21 वर्षीय बेटी टीशा के रूप में की।

जांच-पड़ताल में हुआ खुलासा

पुलिस ने जब इस घटना जांच की तो पता चला की युवती मामा के घर गई हुई थी। फिर मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सारा मामला खुलकर सामने आ गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘जांच और साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि युवती की हत्या गांव छिलौरा निवासी उसके मामा सोनू (35) द्वारा की गई। उसने टीशा के किसी अन्य लड़के के साथ प्रेम प्रसंग में होने के शक में उसकी हत्या कर साक्ष्य को मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की।’’ उन्‍होंने बताया कि सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामा के घर छोड़ गए थे पिता

मेरठ के एसएसपी रोहित सिंह ने बताया, ''युवती मुंडाली थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। उसके पिता एक दिन पहले उसके मामा के पास छोड़कर गए थे। मामा से पुलिस ने पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि युवती कुछ दिनों पहले एक युवक के साथ सुबह चली गई थी और शाम को वापस आई थी। इसके बाद युवती की मां को भी उसके प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी। इसी मामले पर जब मामा ने युवती को समझाने की कोशिश की तो वह नहीं मानी।''

बात ना मानने पर मामा ने कर दी हत्या

एसएसपी आगे बताया कि युवती के ना मानने पर मामा ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए घर से 400-500 मीटर की दूरी पर उसको पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मृतका के मामा को गिरफ्तार कर लिया गया है और इसके माता-पिता की भूमिका की भी जांच की जा रही है। (इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।