1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महिला से सोने की चेन लूट कर बदमाश फरार, घटना CCTV में हुई कैद, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

महिला से सोने की चेन लूट कर बदमाश फरार, घटना CCTV में हुई कैद, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 03, 2026 10:39 am IST,  Updated : Aug 03, 2026 10:53 am IST

मोदीनगर थाना क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी में रविवार दोपहर बदमाशों के हौसले इतने बुलंद दिखे कि उन्होंने दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए।

Gold Chain- India TV Hindi
महिला से सोने की चेन लूट कर बदमाश फरार Image Source : REPORTER INPUT

मोदीनगर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। रविवार दोपहर आदर्श नगर कॉलोनी में एक महिला अपनी बेटी के घर पहुंचने ही वाली थीं कि तभी स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुरी स्थित सुचेतापुरी निवासी शशि बाला रविवार दोपहर करीब दो बजे अपनी बेटी से मिलने आदर्श नगर कॉलोनी की गली नंबर-4 पहुंची थीं। जैसे ही वह बेटी के घर की ओर जाने के लिए गली में मुड़ीं, तभी स्कूटी पर सवार दो युवक उनके पीछे-पीछे आने लगे। कुछ ही पल बाद पीछे बैठे बदमाश ने मौका देखकर शशि बाला के गले से करीब ढाई तोले की सोने की चेन झपट ली। महिला जब तक कुछ समझ पातीं, दोनों आरोपी तेज रफ्तार स्कूटी से मौके से फरार हो चुके थे।

बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़िता ने तत्काल मोदीनगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसमें चेन स्नैचिंग की पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पहले भी सामने आ चुके हैं मामले

उत्तर प्रदेश से आए दिन चेन स्नैचिंग की घटना देखने को मिलती है। पिछले महीने ही मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र में एक चेन स्नैचिंग की घटना हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली भी लगी थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। घटना के कुछ दिन बाद चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि चेन छीनने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मधुबन इलाके में भैरोपुर बंधा मंदिर से राजू चौक पुलिया की तरफ आए हुए हैं। मुखबिर से मिली खबर के आधार पर सीओ दिनेश दत्त मिश्र और इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार गुप्ता की अगुवाई में पुलिस ने घेराबंदी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

(रिपोर्ट: जुबैर अख्तर)

यह भी पढ़ें: 

UP: गर्दन में खुजली के बहाने से महिला ने पार कर दी सोने की चेन, सीसीटीवी में कैद Video हुआ Viral

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।