1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: 'मनमानी करोगे तो आकर ठीक कर दूंगा', बुलडोजर एक्शन से नाराज विधायक ने SDM को फोन पर हड़काया

VIDEO: 'मनमानी करोगे तो आकर ठीक कर दूंगा', बुलडोजर एक्शन से नाराज विधायक ने SDM को फोन पर हड़काया

 Published : Jul 12, 2025 09:00 pm IST,  Updated : Jul 12, 2025 09:57 pm IST

बीजेपी विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बबेरू के एसडीएम रजत वर्मा को फोन पर जमकर खरी-खोटी सुनाई और ठीक तरह से काम करने की चेतावनी भी दी। विधायक का वीडियो वायरल हो रहा है।

बीजेपी विधायक प्रकाश द्विवेदी- India TV Hindi
बीजेपी विधायक प्रकाश द्विवेदी Image Source : INDIA TV

बांदाः बांदा सदर से बीजेपी विधायक प्रकाश द्विवेदी फिर से एक बार चर्चा में हैं। विधायक ने इस बार बबेरू के एसडीएम रजत वर्मा को फोन पर बात करते हुए आकर ठीक करने की धमकी दी, जोकि इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रकाश द्विवेदी एक परिवार के घर पर बुलडोजर एक्शन से खफा थे। 

गोलू पाण्डेय के घर पर बुलडोजर चला तो एसडीएम से खफा हुए विधायक

पूरा मामला जनपद के बबेरू का है जहां शुक्रवार को एसडीएम बबेरू ने गोलू पाण्डेय नाम के एक व्यक्ति का घर बुलडोजर से गिरवा दिया था। पीड़ित पक्ष ने बांदा सदर विधायक से मामले की शिकायत की थी। इसके बाद शनिवार को विधायक प्रकाश द्विवेदी मौके पर पहुंचे थे और वहीं से उन्होंने बबेरू एसडीएम को फोन कर जमकर हड़काया। विधायक ने कहा कि अगर मनमानी करोगे तो आकर ठीक कर दूंगा। विधायक की बातचीत का वीडियो इस समय जमकर सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

विधायक ने डीएम को लेकर कही ये बात

विधायक का इस मामले में आरोप है कि बांदा जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल की सह पर अवैध तरीके से पीड़ित को बिना कोई नोटिस दिए उसका मकान गिरा दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिलाधिकारी बांदा को कुछ आता जाता नहीं है। जितना डीएम को उनके अधीनस्थ समझा देते हैं उसी के अनुसार वह काम करती हैं।

यहां देखें वीडियो

क्या है पूरा मामला

दरअसल यह मामला बांदा के बबेरू विधानसभा क्षेत्र का है जहां कृषक सेवा समिति के जर्जर भवन पर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है। इस जर्जर भवन के ही कुछ हिस्से में 26 सालों से राजेंद्र प्रसाद पांडे रह रहे थे और मकान में निवास को लेकर राजेंद्र प्रसाद पांडे का मध्य कृषक सेवा सहकारी समिति के बीच मुकदमा चल रहा था लेकिन 5 दिसंबर 2016 को यह मुकदमा खारिज हो गया था और उसके बाद मामला ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। 

बीते दिन अचानक अपर जिला सहकारी सेवा समिति के सचिव बुलडोजर के साथ पहुंचे और जर्जर भवन को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी, जिस पर वहां विरोध शुरू हो गया, इस पर एसडीएम बबेरू रजत वर्मा ने तहसीलदार गौरव कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा और शांति व्यवस्था कायम रखते हुए मध्य कृषक सेवा सहकारी समिति का जर्जर भवन जमींदोज़ कर दिया गया। विरोध कर रहे अजय कुमार पांडे को पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने में बैठा दिया। 

पीड़ित पक्ष ने विधायक से की थी शिकायत

इस मामले में प्रभावित पक्ष ने बांदा के सदर विधायक प्रकाश चंद द्विवेदी को जानकारी दी और इस पूरे मामले में विधायक प्रकाश चंद द्विवेदी के धुर विरोधी बीजेपी के ही जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल का हाथ बताया। बस फिर क्या था बांदा सदर विधायक प्रकाश चंद द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ बबेरू विधानसभा जा पहुंचे वहां जाकर मौके का निरीक्षण किया, मौके पर मौजूद कर्मचारियों को खरी खोटी सुनाई और फिर फोन करके एसडीएम रजत वर्मा को जमकर खरी खोटी सुनाई। इससे पहले अभी हाल में नारायणी एसडीएम को थप्पड़ मारने का आरोप सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी पर लगा था।

रिपोर्ट- पंकज द्विवेदी, बांदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।