उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भीड़ ने एक व्यक्ति को चोर बताकर इस कदर पीटा कि अगले दिन उसकी मौत हो गई। घटना बुढाना कोतवाली थानाक्षेत्र की है। यहां बुढ़ाना कस्बा निवासी मोनू खटीक नाम के एक युवक की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बारीकी से जांच पड़ताल करते हुए मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह करबला रोड पर दूसरे समुदाय के लोगों ने चोर समझ कर मृतक मोनू के साथ मारपीट की थी। मारपीट के निशान भी उसके शरीर पर मौजूद हैं। पिटाई के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मृतक के भाई के आरोप
मुजफ्फरनगर जनपद में इन दिनों चोरों के आने की अफवाहों का बाजार भी खूब गर्म है, जिसके चलते कई घटनाएं जनपद में हो चुकी हैं। मोनू की मौत को लेकर उसके भाई कल्लू का आरोप है कि वह मजदूर आदमी है और उसके भाई के साथ इस कदर मारपीट की गई कि उसकी पूरा शरीर नीला पड़ गया है। मृतक के भाई ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का बयान
एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि सोमवार सुबह थाना बुढाना क्षेत्र के अंतर्गत एक सूचना प्राप्त हुई कि कस्बा बुढाना के रहने वाले मोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सीओ बुढ़ाना तत्काल पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक मोनू के शरीर पर कुछ चोट के निशान थे। तत्काल उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसमें जांच के दौरान जो तथ्य आएंगे, उनके आधार पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं
एक वीडियो सामने आई है, कल सुबह की वीडियो है, जिसमें कुछ लोग उसके (मृतक) साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसमें पूरी विवेचना के बाद ही डिटेल सामने आएगी, लेकिन ऐसी कोई बात थी भी तो उनका दायित्व बनता था कि वह पुलिस को सूचना देते, 112 पर कॉल करते। किसी को भी कानून हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं है। किसी भी तरह से हिंसा का प्रयोग करना, मारना-पीटना, कानून अपने हाथ में लेना गलत है। किसी को भी इसका अधिकार नहीं है और जो भी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
(मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी की रिपोर्ट)