1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज, स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला को मारी जोरदार टक्कर, फिर 50 मीटर तक घसीटा

रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज, स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला को मारी जोरदार टक्कर, फिर 50 मीटर तक घसीटा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 11, 2025 08:09 pm IST,  Updated : Aug 11, 2025 08:23 pm IST

मुरादाबाद में एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मारने के बाद करीब 50 मीटर तक घसीटा। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला को घसीटा- India TV Hindi
स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला को घसीटा Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मारने के बाद करीब 50 मीटर तक घसीटा। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गनीमत रही कि महिला बस के पहियों के नीचे आने से बच गई, लेकिन वह घायल हो गई। गुस्साए लोगों ने बस चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।

यह हादसा गलशहीद थाना क्षेत्र के प्रिंस रोड पर हुआ। स्कूटी सवार महिला की पहचान श्रेया के रूप में हुई है, जो रुद्रपुर की रहने वाली हैं और मुरादाबाद के एक बैंक में काम करती हैं। वे बैंक से खाना खाने के लिए जा रही थीं, तभी एक प्राइवेट पब्लिक स्कूल की बस ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

नशे में था स्कूल बस का ड्राइवर

टक्कर के बाद बस चालक ने बस को रोका नहीं और महिला को स्कूटी समेत घसीटते हुए ले गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला को घसीटा जा रहा है और अचानक वह स्कूटी से छिटक कर दूर गिर जाती हैं। इसके बावजूद, बस चालक ने बस नहीं रोकी।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग दौड़कर घायल महिला के पास पहुंचे और उन्हें तुरंत मदद दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला 50 मीटर से ज्यादा दूर तक घसीटी गईं। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

बताया गया कि बस चालक नशे में था। घटना के बाद बस लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया, उसकी पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बस और चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- राजीव शर्मा)

ये भी पढ़ें- 

महाराष्ट्र में स्वतंत्रता दिवस पर 'खाने की आजादी' को लेकर मचा बवाल, जानें अब तक क्या-क्या हुआ?

दिल्ली-NCR की सड़कों से गायब हो जाएंगे आवारा कुत्ते, सुप्रीम कोर्ट का आदेश- 8 हफ्तों में सभी को भेजा जाए शेल्टर होम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।